ताला काटकर घर में घुसा आरोपी,. : कुल्हाड़ी-गंडासे से किया जानलेवा हमला
Thu, Apr 9, 2026
जांजगीर-चांपा
। जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बिर्रा थाना क्षेत्र में एक आरोपी ने सुनियोजित तरीके से घर में घुसकर प्राणघातक हमला कर दिया। घटना बीती रात करीब 3 बजे की है, जब सिलादेही निवासी 34 वर्षीय शांति लाल कटकवार ने संतोष साहू के घर की छत का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और कुल्हाड़ी, गंडासा जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। हमले में संतोष साहू और ओमप्रकाश साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
14 अप्रैल को प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों : में होगा ग्रामसभा का आयोजन
Thu, Apr 9, 2026
रायपुर-
-पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार वर्ष में निर्धारित तिथियों के अनुसार ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाना अनिवार्य है। इसी क्रम में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती 14 अप्रैल के अवसर पर कबीरधाम जिले सहित प्रदेश के सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों एवं उनके आश्रित ग्रामों में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने छत्तीसगढ़ पंचायतराज अधिनियम 1993 की धारा-6 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जिले में उक्त तिथि को ग्राम सभा आयोजन की अनुमति प्रदान की है। जारी निर्देशों के अनुसार ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग करना अनिवार्य होगा, जिसे ग्राम सभा निर्णय मोबाइल ऐप में अपलोड किया जाएगा। इसके साथ ही भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा ग्राम सभाओं की कार्यवाही को सरल एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने हेतु सभासार नामक नवीन एआई आधारित पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से ग्राम सभा की कार्यवाही का विवरण तैयार किया जाएगा। निर्देशित किया गया है कि ग्राम सभा से संबंधित सभी गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा 23 जनवरी नेताजी सुभाषचन्द्र बोस जयंती, 14 अप्रैल डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती, 20 अगस्त पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी की जयंती, 02 अक्टूबर गांधी जयंती के अतिरिक्त माह जून एवं नवंबर में सुविधाजनक तिथियों में प्रत्येक ग्राम में ग्रामसभा का आयोजन अनिवार्य रूप से करने का प्रावधान रखा गया है।
सौम्या चौरसिया : के खिलाफ नई चार्ज शीट पेश
Thu, Apr 9, 2026
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में हुए 3,200 करोड़ के शराब घोटाला में ईओडब्ल्यू (राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) ने बुधवार को विशेष न्यायालय में नवम पूरक चालान पेश किया। यह चालान तीन प्रमुख आरोपितों पूर्व मुख्यमंत्री सचिवालय की उप सचिव रही सौम्या चौरसिया, केके श्रीवास्तव और कांग्रेस कार्यालय के लेखापाल देवेंद्र डडसेना के विरुद्ध दाखिल किया गया है।ब्यूरो ने दावा किया है कि इस संगठित अपराध में अब तक कुल 51 आरोपितों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश की जा चुकी है। ईओडब्ल्यू की विवेचना में सौम्या चौरसिया की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया गया है। साक्ष्यों के आधार पर यह प्रमाणित हुआ है कि तत्कालीन उप सचिव रहते हुए उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग किया।उन्होंने शराब घोटाला सिंडिकेट को न केवल प्रशासकीय सुविधा और समर्थन दिया, बल्कि पूरे तंत्र के बीच समन्वय और संरक्षण की भूमिका भी निभाई।
जांच एजेंसी के अनुसार सौम्या की सक्रिय संलिप्तता से शासन के राजस्व को भारी क्षति पहुंची है। विवेचना में देवेंद्र डडसेना के खिलाफ भी पुख्ता सबूत मिले हैं। डडसेना, जो राजीव भवन का पुराना एकाउंटेंट रहा है, आरोप है कि वह घोटाले की अवैध राशि को प्राप्त करने और उसे सुरक्षित रखने का काम करता था। उसने सिंडिकेट के निर्देशानुसार उस काली कमाई को आगे भेजने (हवाला या अन्य माध्यमों से) में सक्रिय भागीदारी निभाई। कृष्ण कुमार उर्फ केके श्रीवास्तव के संबंध में प्रमाणित हुआ है कि उसने अवैध उगाही तंत्र में सक्रिय भूमिका निभाई। श्रीवास्तव पर अवैध नगद राशि के परिवहन, व्यवस्थापन और उसे विभिन्न क्षेत्रों में निवेश कर खपाने का आरोप है। उसने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर सिंडिकेट के लिए धन अर्जित करने में सहभागिता की।ईओडब्ल्यू के जांच अधिकारियों का कहना है कि इस भ्रष्टाचार कांड में संलिप्त अन्य शासकीय अधिकारियों, राजनैतिक व्यक्तियों और निजी फर्मों के विरुद्ध जांच अभी बंद नहीं हुई है।