अतिथि शिक्षकों के : नियमितीकरण को लेकर तीखी झड़प,विपक्ष ने किया बहिगर्मन
Wed, Mar 18, 2026
रायपुर।
अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण और कम वेतन पर कांग्रेस के विधायकों ने विभागीय मंत्री गजेंद्र यादव को घेरा। इस पर यादव के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन कर दिया।बुधवार को विधानसभा में कांग्रेस के विक्रम मंडावी ने यह मामला उठाया। अपने तारांकित प्रश्न में मंडावी ने अतिथि शिक्षकों को दिए जा रहे वेतन की जानकारी मांगी। स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि 20 हजार रूपए प्रतिमाह दिया जाता है। वह भी उनकी उपस्थिति (अटेंडेंस) पर। मंडावी ने पूछा कि अलग अलग जिलों में एक समान या अलग अलग? यादव ने बताया कि सभी जिलों में समान वेतन दिया जाता है। मंडावी ने पूछा कि 2024 से अब तक कितने अतिथि शिक्षकों की भर्ती की गई ? श्री यादव ने कहा कि नई भर्ती नहीं की गई है पुराने शिक्षकों से अध्यापन कराया जा रहा। और 2022 में इनका वेतन बढ़ाया गया है। चूंकि हम रेगूलर शिक्षकों की भर्ती कर रहे हैं इसलिए अतिथि शिक्षक भर्ती नहीं किया है। मंडावी ने कहा कि इनका नियमितीकरण कब तक करेंगे। नियमितीकरण तो मोदी की गारंटी का चुनावी वायदा भी सरकार ने किया है। मंत्री ने कहा कि अतिथि शिक्षकों का नियमितीकरण नहीं कर रहे। कांग्रेस के ही उमेश पटेल ने कहा कि इन शिक्षकों को उनकी दैनिक उपस्थिति पर वेतन दिया जाता है यानी ये डेलीवेजेस हैं और मोदी की गारंटी में नियमितीकरण का वादा किया है। नहीं कर रहे हैं मतलब गारंटी पूरी नहीं कर रहे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मोदी की सभी गारंटी पूरी हो रही हैं। आने वाले समय में भी होगी ? उन्होंने इस पर कुछ नहीं कहा,मंत्री का जवाब न आने पर नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत की घोषणा पर विपक्षी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया।
नियद नेल्लानार : से प्रभावित होकर ग्रामीणों ने किया भाजपा प्रवेश
Wed, Mar 18, 2026
00 मुख्यमंत्री साय ने कहा नियद नेल्लानार योजना आप सबको समर्पित
रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के गरियामय उपस्थिति में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ विधायक विक्रम उसेंडी के नेतृत्व में कांकेर जिले के सुदूर गांव आलपरस, गुंदूर के ग्रामीणों ने भाजपा प्रवेश कर विकसित गांव-विकसित प्रदेश के संकल्प को और मजबूत करने का प्रण लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से ग्रामीणों ने चर्चा करते हुए कहा कि नियद नेल्लानार योजना हम सबके जीवन को बदलने वाला एक महत्वकांक्षी अभियान है। जिससे प्रभावित होकर हम सबने भाजपा प्रवेश का संकल्प लिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आप सबके लिए हम जन कल्याणकारी योजनाओं का संचालन लगातार कर रहे हैं। यही कारण है कि जनता के बीच सरकार के प्रति विश्वास और बढ़ रहा है। आप सबका भाजपा परिवार में स्वागत है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा की वैचारिक शक्ति का नतीजा है कि हम विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को लगातार पूर्ण करने में लगे हैं और आप सबके साथ होने से इस संकल्प को जल्द ही पूर्ण करेंगे। आप सब बस्तर के अंतिम छोर के गांव से है अब आप सब भाजपा के अंत्योदय के विचारधारा वालों कार्यकर्ता हो चुके हैं। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विक्रम उसेंडी ने सभी का आभार व्यक्त किया व भाजपा प्रवेश करने वाले सभी सम्मानित जनों को बधाई देते हुए कहा कि हम और मजबूत होंगे अभी से मिशन 2028 के लिए एकजुटता के साथ जुटेंगे। इस मौके पर गांव के प्रमुख पुजारी सहित सरपंच, उप सरपंच सहित आमजनों ने बड़ी संख्या में भाजपा प्रवेश किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, भाजपा नेता सुनील जैन, रामलाल आचला, जयलाल उसेंडी, रजनाथ पोटाई (सरपंच), लच्छू गावड़े, जागेश्वर पुजारी सहित ग्रामीण मौजूद थे।
मुख्यमंत्री साय ने किया समस्याओं का त्वरित समाधान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष आए ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखी जिस पर मुख्यमंत्री साय ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उनके तत्काल समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान आए ग्रामीणों ने बताया कि वे सभी अबूझमाड़ की सीमावर्ती गांव के निवासी है और अबूझमाड़ में एजुकेशन सिटी के प्रांरभ होने से हम सबको लाभ होगा और हमारे आने वाली पीढ़ी का भविष्य भी उज्ज्वल होगा। इसके लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री साय का हृदय से आभार व्यक्त किया।
CG : रामकृष्ण केयर अस्पताल में बड़ा हादसा, तीन लोगों की हुई मौत, जानें पूरा मामला
Wed, Mar 18, 2026
रायपुर :
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर अस्पताल में मंगलवार की देर रात दर्दनाक हादसा देखने को मिला। यहां के सिवरेज टैंक में सफाई करने उतरे तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। परिजन दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रोते-बिलखते रहे परिजन
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। अस्पताल के गेट पर मृतकों के परिजन और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। हंगामा करते हुए परिजन अस्पताल के अंदर घुस गए। इस दौरान परिजन रोते-बिलखते रहे। बताया जाता है कि हॉस्पिटल के सिवरेज टैंक की सफाई के लिए तीन स्वीपर टैंक के अंदर उतरे थे। इस दौरान टैंक के अंदर जहरीली गैस होने की वजह से एक-एक कर तीनों स्वीपर की हालत बिगड़ने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ही मजदूरों को सिवरेज टैंक में सफाई करने के लिए उतारा गया। अस्पताल प्रबंधन ने खर्चा बचाने के लिए नियमों की घोर अनदेखी की। ट्रेंड मजदूरों की बजाय अनट्रेंड मजदूरों को सफाई करने के लिए उतारा गया। ऐसे में साफ जाहिर है कि यदि नियमों का पालन किया गया होता, तो इतना बड़ा हादसा होने से टाला जा सकता था।
इनकी हुई मौत
गोविंद सेंद्रे
अनमोल मचकन
प्रशांत कुमार, तीनों सिमरन सिटी निवासी
परिजनों का आरोप
अस्पताल प्रबंधन पर मामले को छिपाने के आरोप लग रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने अभी तक किसी भी व्यक्ति ने बात नहीं की है। मामले में जमकर लापरवाही बरती जा रही है। घटना की जांच कराई जानी चाहिये।
50 फीट गहरे सेप्टिक टैंक में उतरे थे स्वीपर
बताया जाता है कि 50 फीट गहरे सेप्टिक टैंक में तीन मजूदरों को उतारा गया था। सुरक्षा के नाम पर उन्हें केवल मास्क ही दिया गया था। सिमरन सिटी निवासी सफाईकर्मी गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार जब टैंक के अंदर उतरे, तो उस दौरान टैंक के अंदर जहरीली गैस होने से उनका दम घुटने लगा और मौके पर उनकी मौत हो गई।