बॉक्स ऑफिस पर : 'बॉर्डर 2' का जलवा जारी
Sat, Jan 31, 2026
फिल्म 'बॉर्डर 2' ने गणतंत्र दिवस से ठीक पहले रिलीज़ होकर दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बना ली है। सनी देओल की यह वॉर-ड्रामा फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और अबतक की कमाई के आंकड़े दर्शकों और ट्रेड दोनों के लिए खुशखबरी बने हुए हैं। हाल ही में सनी देओल ने भी फिल्म को मिली प्रतिक्रिया और सफलता के लिए फैंस का धन्यवाद किया था और अब फिल्म ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन पार कर लिया है।
'बॉर्डर 2' की ताजा कमाई
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी 'बॉर्डर 2' ने रिलीज़ के 7वें दिन लगभग 13.14 करोड़ रुपये का कारोबार किया। यह छठे दिन के 15.04 करोड़ के मुकाबले थोड़ी गिरावट है, लेकिन उसके बावजूद फिल्म ने पहले एक हफ्ते में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 244.97 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज कर लिया है। वहीं दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई 308.5 करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुकी है, जो इस वीकेंड के लिए उत्साह बढ़ा रही है।
'मर्दानी 3' से बॉक्स ऑफिस पर टक्कर
'बॉर्डर 2' को अब अगले चरण में 'मर्दानी 3' जैसी बड़ी रिलीज़ से टक्कर मिलने वाली है। रानी मुखर्जी की यह फिल्म 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुकी है, जिससे बॉक्स ऑफिस के समीकरण में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
'बॉर्डर 2' में सनी देओल के अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं, जो इसे दर्शकों के लिए एक मजबूत पिक्चर बनाते हैं। बॉक्स ऑफिस पर आने वाले दिनों में दोनों फिल्मों के प्रदर्शन का मुकाबला देखने लायक होगा।--
'द केरल स्टोरी-2' का टीजर रिलीज : 27 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी
Sat, Jan 31, 2026
अदा शर्मा की फिल्म 'द केरल स्टोरी' (2023) को दर्शकों से मिली प्रतिक्रिया के बाद अब इसके निर्माताओं ने सीक्वल का ऐलान कर दिया है। नई फिल्म का शीर्षक 'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' रखा गया है, जिसका टीजर जारी किया गया है। इससे पहले फिल्म का मोशन पोस्टर सामने आया था और अब टीजर ने सोशल मीडिया पर चर्चा तेज कर दी है। इस बार कहानी नए किरदारों के जरिए एक अलग, लेकिन भावनात्मक और सस्पेंस से भरी पृष्ठभूमि को दिखाने का दावा करती है।
टीजर की शुरुआत तीन युवतियों उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा से होती है, जो अपने सपनों और निजी जिंदगी के अनुभवों को शेयर करती नजर आती हैं। वीडियो में दिखाया गया है कि रिश्तों और भरोसे के नाम पर उनके साथ कथित तौर पर धोखा हुआ, जिसके बाद उनकी जिंदगी कठिन परिस्थितियों में फंसती चली गई। फिल्म का टीजर संवेदनशील सामाजिक मुद्दों और कट्टरपंथ व शोषण जैसे विषयों को कहानी के केंद्र में रखता है, जिसे मेकर्स एक गंभीर और झकझोर देने वाली कथा के रूप में पेश कर रहे हैं।
कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। पहले भाग की तरह यह सीक्वल भी अपनी विषयवस्तु को लेकर बहस और चर्चा का विषय बन सकता है। निर्माता इसे एक ऐसी कहानी बता रहे हैं, जो भावनात्मक स्तर पर दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी।
Border 2 BO Day : ‘बॉर्डर 2’ ने रचा इतिहास! सनी देओल ने तोड़ा पुष्पा 2 और बाहुबली का घमंड
Tue, Jan 27, 2026
नई दिल्ली
: बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त सिर्फ एक ही नाम की गूंज है- ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद!’ सनी देओल की मच-अवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने गणतंत्र दिवस के मौके पर बॉक्स ऑफिस को युद्ध के मैदान में बदल दिया है। फिल्म ने अपने चौथे दिन (सोमवार) को ऐसी छलांग लगाई है कि बॉलीवुड से लेकर साउथ तक के बड़े-बड़े धुरंधर धराशायी हो गए हैं।
गणतंत्र दिवस पर ‘नोटों की बारिश’
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति का ऐसा ज्वार उठा कि थिएटर्स के बाहर ‘हाउसफुल’ के बोर्ड लटक गए। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन यानी पहले सोमवार को 59 करोड़ रुपये का अविश्वसनीय कलेक्शन किया है।
इसी के साथ ‘बॉर्डर 2’ ने ‘फर्स्ट मंडे’ को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का ऑल-टाइम रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इसने ‘टाइगर 3’ (58 करोड़) और ‘पुष्पा 2’ (46.4 करोड़) जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है।
बॉक्स ऑफिस पर 4 दिनों का सफरनामा
फिल्म की कमाई के आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि दर्शक सनी देओल, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ की इस टोली पर कितना प्यार लुटा रहे हैं:
शुक्रवार (ओपनिंग) ₹30.00
शनिवार ₹36.50
रविवार ₹54.50
सोमवार (रिपब्लिक डे) ₹59.00
कुल कलेक्शन ₹180.00 करोड़
फर्स्ट मंडे के सुल्तान: टॉप फिल्मों की सूची
‘बॉर्डर 2’ ने सोमवार की कमाई के मामले में भारतीय सिनेमा के इतिहास को बदल कर रख दिया है। देखिए टॉप 5 फिल्में जिन्होंने पहले सोमवार को सबसे ज्यादा नोट छापे:
बॉर्डर 2: ₹59.00 करोड़
टाइगर 3: ₹58.00 करोड़
पुष्पा 2: ₹46.40 करोड़
बाहुबली 2: ₹40.25 करोड़
एनिमल: ₹40.06 करोड़
खास बात: इस लिस्ट में ‘गदर 2’, ‘जवान’ और ‘पठान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में अब ‘बॉर्डर 2’ से काफी पीछे छूट गई हैं।
200 करोड़ी क्लब से बस एक कदम दूर
महज 4 दिनों में 180 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद, अब फिल्म 200 करोड़ के क्लब में शामिल होने की दहलीज पर खड़ी है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि मंगलवार को वर्किंग डे होने के बावजूद फिल्म आसानी से 20 करोड़ बटोर लेगी और साल की सबसे तेज 200 करोड़ी फिल्मों में शामिल हो जाएगी।
1997 की ‘बॉर्डर’ की यादें और 1971 के युद्ध की शौर्य गाथा ने एक बार फिर भारतीय दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं।