बॉक्स ऑफिस पर बदला माहौल, : 'बॉर्डर 2' और 'मर्दानी 3' की कमाई गिरी
Wed, Feb 4, 2026
बॉक्स ऑफिस पर इस समय सनी देओल की युद्ध ड्रामा फिल्म 'बॉर्डर 2' अपनी पकड़ बनाए हुए है, जबकि रानी मुखर्जी की 'मर्दानी 3' को कमाई के लिहाज से संघर्ष का सामना करना पड़ रहा है। दोनों फिल्मों ने रिलीज़ वीकेंड पर अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन जैसे ही नॉन-हॉलीडे दिन आए, दोनों ही फिल्मों की कमाई के आंकड़ों में तेज गिरावट देखी जा रही है, खासकर 'मर्दानी 3' के लिए यह चिंता का विषय बन गया है।
'बॉर्डर 2' की कमाई में गिरावट
सैकनिल्क के मुताबिक, 'बॉर्डर 2' ने अपने 11वें दिन (दूसरे सोमवार) बॉक्स ऑफिस पर 6.52 करोड़ रुपये का कारोबार किया। यह आंकड़ा फिल्म के पिछले हफ्ते के वीकेंड वाले कलेक्शंस 9वें दिन 20.17 करोड़ और 10वें दिन 24.22 करोड़ की तुलना में काफी कम है। इसके बावजूद फिल्म ने 11 दिनों में कुल 308.41 करोड़ रुपये कलेक्शन कर लिया है।
'मर्दानी 3' का संघर्ष जारी
वहीं 'मर्दानी 3' ने 30 जनवरी को रिलीज़ होने के बाद पहले दिन लगभग 4 करोड़ रुपये की मामूली ओपनिंग की थी। दूसरे दिन इसका कलेक्शन बढ़कर 6.25 करोड़ और तीसरे दिन 7.25 करोड़ रुपये रहा। लेकिन सोमवार को फिल्म की कमाई मात्र 2.15 करोड़ रुपये रही। चार दिनों में 'मर्दानी 3' का कुल कलेक्शन 19.65 करोड़ रुपये तक पहुंचा है, जो फिल्म के अनुमानित 60 करोड़ रुपये से ऊपर के बजट को निकालने के लिहाज से संघर्षपूर्ण स्थिति दर्शाता है।
दोनों फिल्मों के आंकड़ों से साफ है कि 'बॉर्डर 2' ने नॉन-हॉलीडे के बावजूद बेहतर टैंकिंग जारी रखी है, जबकि 'मर्दानी 3' को दर्शकों के बीच उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है।
सनी देओल–अक्षय खन्ना की जोड़ी फिर साथ : 'इक्का' के टीजर ने बढ़ाया उत्साह
Wed, Feb 4, 2026
सनी देओल और अक्षय खन्ना अपनी-अपनी फिल्मों 'बॉर्डर 2' और 'धुरंधर' की सफलता के बाद अब एक साथ ओटीटी पर डेब्यू करने जा रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म 'इक्का' का टीजर जारी कर दिया गया है, जिसे देखने के बाद फैंस का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल एक हाई-प्रोफाइल वकील की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि 'धुरंधर' के बाद अक्षय खन्ना को एक बार फिर नकारात्मक किरदार में देखा जाएगा।
फिल्म 'इक्का' कोर्टरूम ड्रामा पर आधारित है। टीजर रिलीज करते हुए मेकर्स ने लिखा, खून या खून का रिश्ता, किसके हाथ में है इस खेल का इक्का? जल्द नेटफ्लिक्स पर। टीजर में सनी देओल हमेशा की तरह दमदार अंदाज में दिखाई दे रहे हैं, वहीं एक सीन में वह अक्षय खन्ना को जोरदार थप्पड़ मारते नजर आते हैं, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
इस फिल्म में दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम, संजीदा शेख, ज्योति मुखर्जी, शिशिर शर्मा और आकांक्षा रंजन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। सीरीज का निर्माण मल्होत्रा और सपना मल्होत्रा ने एल्केमी फिल्म्स के बैनर तले किया है। दमदार स्टारकास्ट और कोर्टरूम ड्रामा की पृष्ठभूमि में बनी 'इक्का' को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है।
राम चरण के घर गूंजी किलकारियां, : उपासना ने जुड़वा बच्चों को दिया जन्म
Mon, Feb 2, 2026
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला के घर खुशियों की दोगुनी दस्तक आई है। 31 जनवरी, 2026 को इस जोड़े ने जुड़वा बच्चों एक बेटे और एक बेटी का स्वागत किया। इस बड़ी खबर की पुष्टि खुद राम चरण के पिता और साउथ के दिग्गज अभिनेता चिरंजीवी ने सोशल मीडिया पर की, जिससे परिवार और प्रशंसकों में जश्न का माहौल बना हुआ है।
चिरंजीवी ने इस खुशी के पल को दैवीय आशीर्वाद बताते हुए लिखा, अत्यधिक खुशी और आभार के साथ हमें यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि राम चरण-उपासना को जुड़वा बच्चों एक बेटे और एक बेटी, का आशीर्वाद मिला है। मां और दोनों बच्चे स्वस्थ हैं। दादा-दादी के रूप में इन नन्हें बच्चों का स्वागत करना हमारे लिए आनंद और दैवीय आशीर्वाद का क्षण है। हम सभी के प्रार्थनाओं, प्रेम, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए तहे दिल से आभारी हैं। चिरंजीवी और सुरेखा।
राम चरण और उपासना की पहले भी खुशी भरी खबर रही है। साल 2023 में उनके घर बेटी क्लिन कारा का जन्म हुआ था। अब 2026 में जुड़वा बच्चों के जन्म के साथ उनका परिवार और भी पूरा हुआ है। इससे पहले, उपासना और राम चरण ने पिछले साल दिवाली के मौके पर अपने प्रशंसकों को बताया था कि वे फिर माता-पिता बनने वाले हैं। राम-उपासना की प्रेम कहानी भी फिल्मी अंदाज़ की है, दोनों की मुलाकात करीब एक दशक पहले एक स्पोर्ट्स क्लब में हुई थी, जो दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। दोनों ने जून 2012 में हैदराबाद में एक भव्य समारोह में शादी की थी।
खुशी के बीच राम चरण काम के मोर्चे पर भी व्यस्त हैं। वह अपनी अगली पैन इंडिया फिल्म 'पेड्डी' की शूटिंग में जुटे हैं, जिसमें वह पहली बार जाह्नवी कपूर के साथ नजर आएंगे। उपासना, जो अपोलो हॉस्पिटल्स के चेयरमैन प्रताप सी. रेड्डी की पोती हैं, राम के लिए हमेशा उनकी ताकत और सबसे बड़े समर्थक के रूप में रही हैं।