: स्व. बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय कुम्हारी में 8 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस मनाया गया ।
Fri, May 9, 2025
स्व. बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय कुम्हारी में 8 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस मनाया गया ।
कुम्हारी। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुम्हारी से डॉ. अरुण वर्मा, श्री सुरेंद्र वर्मा संकल्प सांस्कृतिक समिति, रायपुर से श्री अजय श्रीवास्तव, श्री अरुण मिंज, श्री विवेक बंजारे एवं मनीषा कुर्रे उपस्थित रहे । कार्यक्रम का आरंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोनिता सत्संगी जी के व्याख्यान से हुआ अपने उद्बोधन में उन्होंने विश्व रेडक्रॉस दिवस का परिचय देते हुए इस दिवस के महत्व को प्रदीप्त किया, साथ ही रेड क्रॉस सोसाइटी की रूपरेखा, कर्तव्यों, कार्यों एवं समाज में इसकी आवश्यकता पर विस्तृत प्रकाश डाला गया।
यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की आपदा एवं संकट में जन समुदाय की सेवा हेतु सदैव तत्पर रहे तत्पश्चात श्री सुरेंद्र वर्मा द्वारा प्राथमिक चिकित्सा उपचार प्रशिक्षण के अंतर्गत सर्पदंश, आग एवं रासायनिक पदार्थ से जलने पर प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर की प्रक्रिया से अवगत कराया। श्री अजय श्रीवास्तव द्वारा नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता हेतु पीपीटी के माध्यम से नशीले पदार्थों की जानकारी, नशीले पदार्थों के प्रकार, नशे से मुक्ति हेतु पुनर्वास के उपाय का विस्तार पूर्वक वर्णन किया गया। नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का उनका यह प्रयास बहुत ही सराहनीय था। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक नेहा वर्मा द्वारा एवं आभार प्रदर्शन रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. एन. जयश्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
: छत्तीसगढ़ के 3 संभाग में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
Fri, May 9, 2025
वेस्टर्न डिस्टरबेंस से छत्तीसगढ़ में तीन दिन मौसम बदला रहेगा। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के जिलों में 3 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आज 9 मई से 11 मई तक मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में 50-60 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है, बस्तर, सरगुजा संभाग के जिलों में गरज चमक के साथ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक मध्यप्रदेश की तरफ बारिश का एक स्ट्रॉन्ग सिस्टम बना हुआ है जो धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ की तरफ बढ़ रहा है। इसकी वजह से प्रदेश में तीन दिन मौसम बदला रहेगा। बता दें कि पिछले दो हफ्ते से मौसम में आए बदलाव के कारण कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक कम है।
39 से 40 डिग्री के आसपास प्रदेश का तापमान
प्रदेश में अधिकतम तापमान 39 से लेकर 40 डिग्री के आसपास चल रहा है। अगले तीन दिनों में 1 से 2 डिग्री तक अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। उसके बाद कोई बदलाव होने के आसार नहीं है।
क्या होता है वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ)?
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) कैस्पियन या भूमध्य सागर से बनने वाले तूफान होते हैं। ये भारत के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में बारिश और ठंड लाने का काम करते हैं। असल में ये हवाएं बर्फीली होती हैं, जो अपने साथ नमी लेकर आती हैं।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) भूमध्यसागर से निकलती हैं। इसके बाद ये ईरान, इराक, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से होते हुए सीधा भारत पहुंचती हैं। यहां पहुंचते ही यह मैदानी इलाकों में अपना असर दिखाने लगती हैं।
बस्तर में बारिश, दुर्ग सबसे गर्म
बीते 24 घंटे की बात करें तो बीजापुर, तोकापाल और नानगुर जैसे कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई है। वहीं दुर्ग सबसे गर्म रहा जहां तापमान 39.5 डिग्री तक पहुंच गया और सबसे ठंडी सुबह जगदलपुर की रही, जहां न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री रहा।
रायपुर तेज हवाएं चलेंगी, बौछारें पड़ेंगी
आज धूप-छांव वाला मौसम रहेगा। दिन में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि दिन का तापमान करीब 41 डिग्री तक जा सकता है और रात में 26 डिग्री रहेगा। तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि मौसम को लेकर अलर्ट रहें। ज्यादा जरूरी न हो तो गरज-चमक के वक्त घर से बाहर न निकलें और किसी पेड़ या बिजली के खंभे के पास खड़े न हों।
मई में अंधड़-बारिश, यह पुराना ट्रेंड
मई में हो रही बारिश कोई नई बात नहीं है। आमतौर पर मई के महीने में एक-दो बार तेज बारिश और अंधड़ की स्थिति बनती ही है। कई बार मई की शुरुआत में कुछ सिस्टम बनने के कारण प्रदेश में बारिश और तेज अंधड़ के एक-दो स्पैल आते हैं। इससे मई के पूरे महीने में अच्छी बारिश हो जाती है।
वैसे पिछले एक दशक में रायपुर में मई के महीने में सबसे ज्यादा बारिश 2021 में 93.2 मिमी रिकॉर्ड की गई थी। उस दौरान 24 घंटे में 57 मिमी बारिश 10 मई 2021 को दर्ज की गई थी। मई में सिस्टम बनने पर समुद्र से आने वाली हवा तेजी के साथ आगे बढ़ती हैं। इससे अंधड़ की स्थिति बनती है। 25 मई के बाद इस तरह की स्थितियां ज्यादा रहती हैं, उसी से मौसम में बदलाव की शुरुआत होती है।
: बाबा साहेब अंबेडकर को असली सम्मान भाजपा ने दिया – पुरुषोत्तम देवांगन
Mon, May 5, 2025
बाबा साहेब अंबेडकर को असली सम्मान भाजपा ने दिया – पुरुषोत्तम देवांगन
भिलाई–3 :– भाजपा जिला भिलाई के निर्देशन में भाजपा चरोदा मंडल के द्वारा भारत रत्न डॉ भीम राव अंबेडकर सम्मान गोष्ठी का कार्यक्रम देवबलोदा में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि – श्री पुरुषोत्तम देवांगन जी (जिलाध्यक्ष, भाजपा भिलाई) थे तथा अध्यक्षता– श्री ए गौरी शंकर (अध्यक्ष, भाजपा चरोदा मंडल) ने किया। मुख्य वक्ता– श्री प्रेम लाल साहू (जिला महामंत्री, भाजपा जिला भिलाई) थे।
विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती चंद्रकांता माण्डले (पूर्व महापौर, नगर पालिक निगम भिलाई–चरोदा), श्रीमती सीता साहू (पूर्व अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद भिलाई–चरोदा), ए गौरी शंकर (अध्यक्ष, भाजपा चरोदा मंडल) एवं पी एन शर्मा (प्रभारी, अंबेडकर सम्मान समिति), श्रीमती शिव कुमारी यादव (पार्षद) उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री देवांगन जी ने कहा कि डॉ भीम राव अंबेडकर जी को असली सम्मान भाजपा ने दिया है। संविधान बदलने का आरोप कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया है वह मिथ्या है। कांग्रेस ने बाबा साहब का सिर्फ अपमान की भाजपा ने मरणोपरांत भी बाबा साहब को भारत रत्न से सम्मानित किया।
मुख्य वक्ता प्रेम लाल साहू ने कहा कि संविधान हमारा सम्मान है, जो लिखने वाले है हमारे सम्माननीय है, उनके सम्मान के लिए बाबा साहेब के जन्म भूमि, शिक्षा भूमि, दीक्षा भूमि, कर्म भूमि व निर्वाण भूमि को पंच तीर्थ स्थल के रूप में विकसित कर बाबा साहेब के मान को बढ़ाए है।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी छन्नू बंजारे ने किया तथा आभार प्रदर्शन भाजपा जनता मंडल के अध्यक्ष ए गौरी शंकर ने किया।
इस अवसर पर परमजीत सिंह, राजेश मौर्य, बल्लू राम कुर्रे, अश्वनी जोशी, श्रीमती अंकित डोना, श्रीमती रितु वर्मा, दिलीप साहू, महेश सिंह, श्रीमती बिसंतीन साहू, श्रीमती कुसुम यादव सहित बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग उपस्थित थे।