CG : फंदे से लटकती मिली BSP : कैंटीन के कुक की लाश, मचा हड़कंप
Sun, Apr 12, 2026
दुर्ग।
छत्तीसगढ़ के भिलाई जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के कोक ओवन कैंटीन में कार्यरत 29 वर्षीय कुक अजय प्रजापति का शव पेड़ से लटका मिला। यह घटना सेक्टर-4, सड़क नंबर 36 स्थित आवासीय क्षेत्र के पीछे सामने आई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने शव को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। अजय प्रजापति अपने परिवार के साथ सर्वेंट क्वार्टर में रहते थे। उनकी पत्नी भी घरों में काम करती हैं। परिजनों के अनुसार, अजय का 6 महीने का एक छोटा बच्चा है। सूचना मिलते ही उनके पिता और भाई रायपुर से भिलाई पहुंचे।
पत्नी से विवाद के बाद घर से निकले थे
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शनिवार रात करीब 8 बजे अजय शराब के नशे में घर पहुंचे थे। इस दौरान उनका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद वे घर से बाहर निकल गए और देर रात तक वापस नहीं लौटे।
दोस्त के घर भी गए थे अजय
जांच में यह भी सामने आया है कि अजय रात में सड़क नंबर 27 स्थित अपने एक दोस्त के घर गए थे। वहां कुछ समय बिताने के बाद वे फिर निकल गए। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला और अगली सुबह उनका शव पेड़ से लटका मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल, सुपेला की मरच्यूरी में भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
संदिग्ध मानकर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि व्यक्तिगत विवाद, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों में शोक की लहर
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अजय शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। लोग लगातार मृतक के परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
BSP परिसर में भी असर
इस घटना का असर भिलाई स्टील प्लांट परिसर में भी देखा जा रहा है। सहकर्मियों और जानने वालों के बीच गम का माहौल है। पुलिस की जांच जारी है और जल्द ही मामले से जुड़े और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
“हर परिवार का सहयोग : , समाज को देगा नई दिशा – बृजमोहन अग्रवाल”
Sun, Apr 12, 2026
रायपुर।
सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल रविवार को छत्तीसगढ़ डड़सेना कलार सिन्हा समाज द्वारा आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेमरिया में आयोजित मंडल स्तरीय वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज की एकजुटता, सेवा भाव और संगठन की शक्ति पर जोर दिया।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि अक्सर लोग सोचते हैं कि समाज उनके लिए क्या कर रहा है, लेकिन समाज में विश्वास तभी बढ़ेगा जब समाज स्वयं अपने लोगों के लिए खड़ा होगा। उन्होंने कलार समाज के आराध्य भगवान सहस्त्रबाहु हजार भुजाओं वाले हैं ।
समाज स्वयं को अगर हजार भुजाओं वाला मानता है, तो उसे उतनी ही सक्रियता से कार्य भी करना होगा।
उन्होंने समाज के विकास के लिए तीन प्रमुख प्राथमिकताओं पर विशेष बल दिया शिक्षा, विवाह और स्वास्थ्य। उन्होंने कहा कि समाज के गरीब बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था करना, जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग देना और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के इलाज की जिम्मेदारी उठाना ही सच्ची समाज सेवा है। जिस दिन समाज इन तीन क्षेत्रों में कार्य करना शुरू करेगा, उस दिन हर परिवार से लोग जुड़ेंगे और संगठन स्वतः मजबूत होगा।
आर्थिक सहयोग के महत्व को बताते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार मात्र 100 रुपये प्रतिमाह का योगदान दे, तो 5000 परिवारों से हर महीने 5 लाख रुपये और साल भर में 60 लाख रुपये का कोष तैयार हो सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि समाज के 5-10 युवाओं को इस कार्य के लिए नियुक्त किया जाए, जो नियमित रूप से घर-घर जाकर सहयोग राशि एकत्र करें।
सांसद अग्रवाल ने समाज भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल आयोजन स्थल न होकर समाज के विकास का केंद्र बने, जहां महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण, बच्चों के लिए कंप्यूटर शिक्षा एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का संचालन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि केवल साल में एक बार सम्मेलन करने से समाज का विकास संभव नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है। जो समाज सेवा और विकास के कार्य करेगा, वही लोगों के दिलों में स्थायी स्थान बनाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री अशोक सिन्हा जी, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल जी, युवराज सिन्हा, दशरुराम सिन्हा , लाला राम सिन्हा , अरुण सिन्हा समेत समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।
.
दिव्य संतों का सान्निध्य : प्राप्त होना अत्यंत सौभाग्य की बात : तोखन
Sun, Apr 12, 2026
संतों का सान्निध्य समाज को सही दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करता है — हर्ष छाबरिया
पेंड्रा में महामंडलेश्वर 1008 माँ योग योगेश्वरी यती का आगमन, श्रद्धालुओं ने प्राप्त किया दिव्य आशीर्वाद
पेंड्रा।
पटियाला हाउस पेंड्रा में परम पूज्य महामंडलेश्वर 1008 माँ योग योगेश्वरी यती जी के पावन आगमन पर दिव्य कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित होकर पूज्य माताजी के दर्शन एवं आशीर्वाद से लाभान्वित हुए। कार्यक्रम में संत स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य एवं स्वामी परमात्मानंद की गरिमामयी उपस्थिति रही।अपने उद्बोधन में पूज्य माँ योग योगेश्वरी यती ने कहा कि राष्ट्र के प्रति पूर्ण समर्पण, धर्म के प्रति अटूट आस्था और समाज सेवा ही सच्ची पूजा है। जब प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाता है, तभी राष्ट्र सशक्त और समृद्ध बनता है। विजय देवांगन (क्षेत्र संपर्क प्रमुख, पश्चिम क्षेत्र) ने अपने उद्बोधन में कहा कि नर्मदा अंचल की यह पावन भूमि अत्यंत गौरवशाली है, यहाँ जन्म लेना ही सौभाग्य का विषय है। यह वही तपोभूमि है जहाँ स्वयं भगवान शिव ने साधना की थी, इसलिए हम सभी का कर्तव्य है कि इस पावन संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाएं।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि ऐसे दिव्य संतों का दर्शन एवं सान्निध्य प्राप्त होना अत्यंत सौभाग्य की बात है। संतों के आशीर्वचन हमें धर्म, संस्कार और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि हमें संतों के बताए मार्ग का अनुसरण करते हुए समाज में एकता, जागरूकता और सकारात्मकता फैलाने का कार्य करना चाहिए।
साथ ही हर्ष छाबरिया ने उपस्थित जानों का आभार करते हुए कहा कि संतों का सान्निध्य हमें सही दिशा और प्रेरणा देता है। ऐसे अवसर समाज को जोडऩे, जागरूक करने और धर्म के प्रति आस्था को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। पूज्य संतों का आशीर्वाद और आप सभी का साथ ही मेरी प्रेरणा है। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश साहू (जिला मंत्री, विश्व हिंदू परिषद) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। जिनमें प्रमुख रूप से तीरथ प्रसाद बडग़ैया , पुरुषोत्ताम नाथ पिपराहा, अरुण चौहान ,विजया उर्मिलिया, अनिल सिंह, सुरेश जायसवाल, राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, राकेश चतुर्वेदी, कन्हैया राठौर, रामजी श्रीवास, बृजलाल राठौर, मनीराम केवट, रवि शंकर चौबे,सागर पटेल, निखिल परिहार, सरोज पवार, प्रिया त्रिवेदी, संतोषी साहू, विभा तिवारी, अनीता माझी, रामेश्वरी धुर्वे, उषा गुप्ता, बृजेश सोनी, रविंद्र केवट, शैलेश जायसवाल, प्रहलाद साहू, राकेश श्रीवास, ब्रजेश पूरी, महेंद्र शुक्ला, नत्थू प्रसाद गुप्ता, दिशा मानिकपुरी, कुसुम गौतम, उत्तम राय, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही बजरंग दल, मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी एवं भारत विकास परिषद के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।