छत्तीसगढ़ विधानसभा : आदिवासी नेता की मौत पर सदन में हंगामा, मंत्री के जवाब से नाराज़ विपक्ष का वॉकआउट
Jagbhan Yadav
Thu, Feb 26, 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज कांकेर जेल में आदिवासी नेता की मौत का मामला गूंजा। विपक्ष इसे साजिश बताते हुए इसकी जांच सदन की कमेटी से कराने की मांग की। इसके लिए गृहमंत्री तैयार नहीं हुए जिससे असंतुष्ट होकर सभी कांग्रेस विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन की कार्यवाही से वॉकआउट कर दिया।
बजट सत्र के चौथे दिन प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष के भूपेश बघेल ने साल भर में प्रदेश के जेलों में बंदियों की मौतों की जानकारी मांगी। उन्होंने विशेष रूप से कांकेर जेल में आदिवासी नेता जीवन ठाकुर और कवर्धा जेल में बंद पंकज साहू की मौत पर सवालों की झड़ी लगा दी। जवाब में गृहमंत्री विजय शर्मा ने साल भर में जेलों में 66 बंदियों की मौत की जानकारी देते हुए जीवन ठाकुर के मौत की मजिस्ट्रियल जांच की जानकारी सदन को दी। इस अविश्वास जताते हुए भूपेश बघेल ने इसकी जांच विधानसभा की समिति से कराने की मांग की जिसके लिए विभागीय मंत्री तैयार नहीं हुए। इससे नाराज़ होकर विपक्ष के सभी सदस्य खड़े होकर नारेबाजी करने लगे परंतु इसका गृहमंत्री पर कोई असर नही हुआ। अंततः पूरे विपक्ष ने वॉकआउट कर अपना विरोध दर्ज कराया।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन