छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ के 72 युवा सरदार यूनिटी मार्च में होंगे शामिल, पीएम के साथ करेंगे 12 किमी पैदल यात्रा
Jagbhan Yadav
Sat, Nov 22, 2025
छत्तीसगढ़ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर ‘सरदार 150 यूनिटी मार्च’ का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक यात्रा में छत्तीसगढ़ से भी 72 युवाओं की एक विशेष टोली शामिल होगी। यह सभी युवा भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से चयनित किए गए हैं।
इस टोली का नेतृत्व प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष राहुल टिकरिया कर रहे हैं। यह दल 23 नवंबर की दोपहर रायपुर से नागपुर के लिए रवाना होगा। नागपुर पहुंचने के बाद युवक 24 नवंबर को नर्मदा प्रवाह के लिए निकलेंगे, जहां से यूनिटी मार्च की मुख्य यात्रा शुरू होगी।
25 नवंबर को यह यात्रा नागपुर से बस द्वारा आगे बढ़कर बैतूल पहुंचेगी, 26 नवंबर को इंदौर और 27 नवंबर को गोधरा से आनंद होते हुए करमसद पहुंचेगी। करमसद से एकतानगर तक यह युवा पदयात्रा करेंगे, जहां हजारों युवाओं के साथ वे एकता संदेश को मजबूत करेंगे।
30 नवंबर को युवक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दर्शन करेंगे और इसके बाद रायपुर वापस लौटेंगे। अनुमान है कि इस यात्रा में देशभर से दो लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी करमसद से एकतानगर तक पैदल मार्च में युवाओं के साथ चलेंगे।
यात्रा कुल सात दिनों तक चलेगी। इस दौरान युवाओं के रहने, भोजन और स्वास्थ्य से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पहले से की गई हैं, ताकि वे बिना किसी कठिनाई के कार्यक्रम में हिस्सा ले सकें। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर कई छोटे-बड़े कार्यक्रम भी होंगे, जिनमें सभी युवा भाग लेंगे।
कार्यक्रम की घोषणा के दौरान प्रदेश संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे और सभी ने इसे देश की एकता और युवाओं की जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
Tags :
#UnityMarch #ChhattisgarhYouth #SardarPatel150 #BJYM #PadYatra #NationalUnity #StatueOfUnity #YouthParticipation
विज्ञापन
विज्ञापन