मतदाता सूची से नाम गायब : पूर्व महापौर एजाज़ ढेबर ने चुनाव आयोग को सौंपा ज्ञापन
Jagbhan Yadav
Tue, Nov 25, 2025
रायपुर में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम गायब होने के मामले ने नागरिकों में भारी नाराज़गी पैदा कर दी है। इसी मुद्दे को लेकर पूर्व महापौर एजाज़ डेबर नागरिकों के साथ चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। नागरिकों का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बिना किसी सूचना, सत्यापन या कारण बताए उनके नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं।
2003 से लगातार मतदान करने वालों के नाम भी नहीं
नागरिकों ने बताया कि कई परिवार वर्षों से एक ही पते पर रह रहे हैं और 2003 से लगातार मतदान कर रहे हैं, लेकिन नई मतदाता सूची में उनके नाम अचानक गायब पाए गए। यह स्थिति न केवल चिंताजनक है बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा असर डालती है। लोगों का कहना है कि बिना किसी सत्यापन या नोटिस के नाम हटाना निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
SIR फॉर्म भरने के बाद भी पावती नहीं, न ट्रैकिंग उपलब्ध
नागरिकों ने ज्ञापन में यह भी बताया कि उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से SIR फॉर्म भरे, लेकिन किसी को भी पावती नहीं मिली। न ही आवेदन की स्थिति जानने के लिए कोई ट्रैकिंग सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस कारण वे यह साबित भी नहीं कर पा रहे हैं कि उन्होंने समय पर संशोधन के लिए आवेदन किया था। नागरिकों का कहना है कि बिना पावती और बिना ट्रैकिंग के पूरी प्रक्रिया अविश्वसनीय बन गई है और इससे हजारों लोग परेशान हैं।
चुनाव आयोग से त्वरित कार्रवाई की मांग
ज्ञापन के माध्यम से पूर्व महापौर एजाज़ डेबर ने मांग की है कि सभी ऐसे नागरिकों के नाम तत्काल प्रभाव से मतदाता सूची में पुनः जोड़े जाएं, SIR प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और तकनीकी खामियों को दूर किया जाए, ताकि कोई भी मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे।
Tags :
Voter List Raipur News Ejaz Dhebar Election Commission SIR Form Issue Chhattisgarh Politics Civic Rights
विज्ञापन
विज्ञापन