बिलासपुर : टैगोर इंस्टिट्यूट संचालक ने एक ही जमीन दो लोगों को बेचने का सौदा किया
Jagbhan Yadav
Fri, Nov 21, 2025
बिलासपुर में जमीन खरीद–बिक्री को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। टैगोर इंस्टिट्यूट के संचालक पर आरोप है कि उन्होंने 52 डिसमिल जमीन एक खरीदार को 55 लाख रुपये में बेचने का एग्रीमेंट किया था। खरीदार ने किस्तों में कुल 53.24 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया। इसके बावजूद संचालक ने सिर्फ 28 डिसमिल जमीन की ही रजिस्ट्री कराई।
बाकी 24 डिसमिल जमीन का रजिस्ट्री कराने के बजाय संचालक उसे किसी दूसरे व्यक्ति को ज्यादा कीमत पर बेचने की तैयारी करने लगा। जब खरीदार ने इस पर आपत्ति जताई, तो वह टालमटोल करता रहा। लंबे समय तक कार्रवाई न होने से परेशान होकर पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत की, लेकिन वहां भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई।
आख़िरकार पीड़ित ने एसएसपी रजनेश सिंह को लिखित शिकायत दी और सभी दस्तावेज प्रस्तुत किए। दस्तावेज देखने के बाद एसएसपी ने तुरंत टीआई को निर्देश दिया कि मामले की एफआईआर दर्ज की जाए और उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
पीड़ित का कहना है कि टैगोर इंस्टिट्यूट संचालक की इस हरकत से उसे आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक तनाव भी हुआ है और वह न्याय की मांग कर रहा है।
Tags :
Bilaspur, Tagore Institute, Land Dispute, Fraud Case, Police Complaint, Chhattisgarh News
विज्ञापन
विज्ञापन