भारत : इंडिगो संकट पर चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता की सार्वजनिक माफी—कहा, ‘हमसे चूक हुई, भरोसा दोबारा जीतेंगे’
Jagbhan Yadav
Thu, Dec 11, 2025
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो तीन दिनों से जारी भारी उड़ान रद्दीकरण और ऑपरेशनल अव्यवस्था के चलते बड़े संकट में फँसी हुई है। फ्लाइट कैंसिलेशन के कारण हजारों यात्री प्रभावित हुए और जनता में भारी आक्रोश देखने को मिला। इस बीच इंडिगो के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए माना कि कंपनी से बड़ी चूक हुई है और इससे यात्रियों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ा।
मेहता ने आठ मिनट का वीडियो जारी करके कहा कि कंपनी अपने ग्राहकों को अपेक्षित सेवा देने में विफल रही और इस अव्यवस्था के लिए वे व्यक्तिगत तौर पर क्षमा चाहते हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि इंडिगो ने जानबूझकर किसी प्रकार के नियमों का उल्लंघन नहीं किया और न ही सरकारी गाइडलाइंस को प्रभावित करने की कोई कोशिश की गई। मेहता के अनुसार, यह दावा कि एयरलाइन ने जानबूझकर संकट पैदा किया—“पूरी तरह तथ्यहीन” है।
उन्होंने कहा कि जुलाई से नवंबर तक पायलटों की थकान से जुड़े नए सुरक्षा नियमों को एयरलाइन ने लगातार लागू किया और उन्हें दरकिनार करने की कोई कोशिश नहीं की गई। उनका कहना था कि इंडिगो की प्राथमिकता हमेशा सुरक्षा और विश्वसनीय संचालन रही है।
मेहता ने स्वीकार किया कि जनता का भरोसा टूटना कंपनी के लिए एक बड़ा झटका है और उसे फिर से जीतना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि, “हमारी कंपनी से चूक हुई है। हमें आपका विश्वास फिर से जीतना होगा। यह शब्दों से नहीं, बल्कि हमारे कार्यों से सिद्ध होगा।”
उन्होंने बताया कि संकट के दौरान कंपनी का बोर्ड पूरी तरह सक्रिय रहा और सीईओ पीटर एल्बर्स के साथ मिलकर नेटवर्क स्थिर करने के प्रयास लगातार जारी रहे। मेहता ने पुष्टि की कि इंडिगो ने अब पूर्ण संचालन फिर शुरू कर दिया है और 138 डेस्टिनेशन पर लगभग 1,900 उड़ानों का संचालन सामान्य स्तर पर लौट आया है।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने घटना की पूरी श्रृंखला की जांच शुरू कर दी है। मेहता ने कहा कि इंडिगो प्रबंधन के साथ मिलकर बाहरी तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम नियुक्त करेगा, जिससे यह पता लगाया जा सके कि अव्यवस्था के मूल कारण क्या थे और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो।
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स पहले ही यात्रियों से माफी मांग चुके हैं और एयरलाइन की सेवाओं को पटरी पर लाने का भरोसा दिया था। चेयरमैन मेहता का यह नया माफीनामा कंपनी द्वारा उठाया गया अब तक का सबसे बड़ा आश्वासन माना जा रहा है, जो संकेत देता है कि एयरलाइन इस संकट की जड़ तक जाकर समाधान करने के लिए गंभीर है।
यह पूरा मामला केवल संचालन में चूक का नहीं बल्कि एयरलाइन की विश्वसनीयता की पुनर्स्थापना का है, जिसे वापस पाने के लिए इंडिगो अब निर्णायक कदम उठाने की तैयारी में दिखाई दे रहा है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन