उत्तर बस्तर में बड़ा सरेंडर : माओवादी लीडर रामधेर मंझी सहित 12 नक्सलियों ने डाले हथियार
Jagbhan Yadav
Mon, Dec 8, 2025
छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर डिवीजन में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से सक्रिय सीपीआई (माओवादी) के सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) और क्षेत्र के कुख्यात नक्सली लीडर रामधेर मंझी ने सोमवार को खैरागढ़ के कुर्मी गाँव, बकरकुटा थाना क्षेत्र में अपने 11 साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के समक्ष हथियार डालने वाले नक्सलियों में कई उच्च पदस्थ माओवादी कैडर भी शामिल थे।
रामधेर मंझी कई वर्षों से उत्तर बस्तर में माओवादियों की गतिविधियों को संचालित करता रहा था। आत्मसमर्पण के दौरान उसने अपने पास रखी AK-47 रायफल पुलिस को सौंपी। उसके साथ कार्यरत डिविजनल कमेटी मेंबर (DVCM) रैंक के चंदू उईके, ललिता, जानकी और प्रेम ने भी आत्मसमर्पण किया। इनमें से दो नक्सलियों के पास से AK-47 और इंसास रायफल बरामद हुई।
इसके अतिरिक्त एरिया कमेटी सदस्य (ACM) स्तर के रामसिंह दादा और सुकैश पोट्टम ने भी पुलिस के समक्ष हथियार डाल दिए। इसी समूह में पार्टी मेंबर (PM) लेवल के लक्ष्मी, शीला, योगिता, कविता और सागर शामिल थे। इनके पास से AK-47, इंसास, SLR, .303 और .30 कार्बाइन समेत बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
यह सभी नक्सली एमएमसी (महाराष्ट्र–मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़) स्पेशल जोनल कमेटी में सक्रिय थे और तीन राज्यों के छह जिलों तक इनकी पकड़ मानी जाती थी। इनके आत्मसमर्पण से सुरक्षा एजेंसियों को नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने में बड़ी उपलब्धि मिली है। पुलिस सभी नक्सलियों से पूछताछ कर रही है ताकि संगठन की गतिविधियों और उसके नेटवर्क को और बेहतर तरीके से समझा जा सके।
Tags :
Naxal Surrender CPI Maoist Chhattisgarh News Khairagarh Bastar Division AK47 Recovery Insas Rifle Security Forces Naxalism Law and Order Madhya Pradesh Maharashtra Chhattisgarh Zone
विज्ञापन
विज्ञापन