मध्यप्रदेश : मध्यप्रदेश राजभवन का नाम बदलकर ‘लोक भवन’ किया गया, औपनिवेशिक प्रतीकों से मुक्ति की पहल तेज
Jagbhan Yadav
Sat, Dec 6, 2025
मध्यप्रदेश में राजभवन का नाम बदलकर ‘लोक भवन’ करने का निर्णय हाल ही में लागू किया गया है। यह कदम केन्द्र सरकार द्वारा देशभर में औपनिवेशिक नामों और प्रतीकों को हटाने के अभियान के तहत उठाया गया है। शुक्रवार दोपहर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। इसके तुरंत बाद राजभवन के मुख्य द्वार पर लगी पुरानी पट्टिका हटाकर ‘लोक भवन’ की नई पट्टिका स्थापित कर दी गई। इसी के साथ मध्यप्रदेश में यह बदलाव आधिकारिक रूप से लागू हो गया।
पिछले वर्ष राज्यपालों के सम्मेलन में यह सुझाव दिया गया था कि ‘राजभवन’ शब्द औपनिवेशिक मानसिकता को दर्शाता है, इसलिए इसके स्थान पर लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप ‘लोक भवन’ नाम अपनाया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में चल रहे सांस्कृतिक और प्रतीकात्मक सुधारों की श्रृंखला में यह परिवर्तन भी एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
इससे पहले देश में कई स्थानों पर ब्रिटिश काल के नाम बदले जा चुके हैं। जैसे—राजपथ का नाम बदलकर ‘कर्तव्य पथ’ किया गया, गणतंत्र दिवस समारोह में अंग्रेजी धुनों की जगह भारतीय धुनें शामिल की गईं, तथा सरकारी कार्यों में ‘इंडिया’ की जगह ‘भारत’ शब्द के उपयोग पर जोर बढ़ा है। इसी क्रम में अब मध्यप्रदेश में भी राजभवन को ‘लोक भवन’ के नाम से जाना जाएगा।
केन्द्र सरकार के निर्देश पर अब तक पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम, उत्तराखंड, ओडिशा, गुजरात और त्रिपुरा भी अपने राजभवन का नाम बदलकर ‘लोक भवन’ कर चुके हैं। वहीं लद्दाख में उपराज्यपाल के आवास को ‘लोक निवास’ नाम दिया गया है। इस परिवर्तन को देश को औपनिवेशिक प्रतीकों से मुक्त करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा माना जा रहा है।
Tags :
MadhyaPradesh, LokBhavan, RajBhavan, GovernmentDecision, IndiaNews
विज्ञापन
विज्ञापन