केंद्रीय जेल दुर्ग में मनाया गया पृथ्वी दिवस : कैदियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, प्रकृति के प्रति दिखाई जागरूक
Jagbhan Yadav
Thu, Apr 23, 2026
दुर्ग। विश्व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज केंद्रीय जेल दुर्ग में कैदियों के बीच विश्व पृथ्वी दिवस विशेष रूप से मनाया गया। यह कार्यक्रम दिव्य संस्कार शिक्षण सेवा संस्थान के बैनर तले आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र प्रेम एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
पर्यावरण संरक्षण की गंभीर जिम्मेदारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुनील साहू द्वारा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अनुज कुमार नारद ने विश्व पृथ्वी दिवस की प्रस्तावना रखते हुए किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि, विश्व पृथ्वी दिवस पहले एक उत्सव के रूप में मनाया जाता था, लेकिन आज यह पर्यावरण संरक्षण की गंभीर जिम्मेदारी के रूप में सामने आया है। यदि हम अभी सचेत नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, जल और भूमि का संरक्षण एक बड़ी चुनौती बन जाएगा।पृथ्वी संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं कैदी- दिलेश्वर
मुख्य वक्ता दिलेश्वर उमरे ने अपने संबोधन में कहा कि, जेल में रह रहे कैदी भी पृथ्वी संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि, कैदी जीवन केवल दंड का समय नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और सुधार का अवसर भी है। जेल के भीतर रहते हुए भी पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, भेदभाव से ऊपर उठकर समानता का भाव अपनाना और दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव लाकर व्यक्ति न केवल अपने जीवन को बल्कि समाज को भी बेहतर बना सकता है।
बड़ी संख्या में कैदीगण रहे उपस्थित
कार्यक्रम में दुर्ग जेल अधीक्षक मनीष संभाकर की विशेष उपस्थिति रही। मंच संचालन नितेश सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर जेल के सभी कैदीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण हेतु सामूहिक संकल्प लिया।
संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना था कि, पृथ्वी ही हमारा एकमात्र घर है और इसका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रकृति और राष्ट्र के प्रति प्रेम रखते हुए स्वच्छ वातावरण, शुद्ध जल एवं सुरक्षित भूमि को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखना आवश्यक है।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता
उल्लेखनीय है कि, विश्व पृथ्वी दिवस प्रत्येक वर्ष 22 अप्रैल को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1970 में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हुई थी और आज यह एक वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें करोड़ों लोग भाग लेते हैं।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन