कुम्हारी कालेज में “चुनाव एवं नागरिक अधिकार” विषय पर हुआ व्याख्यान । : कुम्हारी कालेज में “चुनाव एवं नागरिक अधिकार” विषय पर हुआ व्याख्यान ।
Jagbhan Yadav
Mon, Oct 13, 2025
कुम्हारी कालेज में “चुनाव एवं नागरिक अधिकार” विषय पर हुआ व्याख्यान ।
कुम्हारी। स्व. बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय, कुम्हारी में 11 अक्टूबर 2025 को स्वीप (SVEEP) अभियान एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “चुनाव एवं नागरिक अधिकार” विषय पर एक प्रेरणादायक एवं जानकारीपूर्ण व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा वर्ग को चुनाव प्रक्रिया, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिता सत्संगी ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि यह हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। एक वोट राष्ट्र की दिशा तय करता है।

इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। लोकतंत्र तभी सशक्त होगा, जब हर नागरिक मतदान की प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने आगे कहा हम प्रायः अधिकारों की बात करते हैं, परंतु यह नहीं भूलना चाहिए कि प्रत्येक अधिकार के साथ एक कर्तव्य भी जुड़ा होता है। एक जागरूक नागरिक वही है जो अपने अधिकारों के साथ अपने दायित्वों का भी पालन करे।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता रहीं डॉ. समीक्षा चंद्राकर, सहायक प्राध्यापक, राजनीति विज्ञान विभाग, राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गरियाबंद ने अपने प्रेरक व्याख्यान में कहा कि सशक्त लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाता पर टिकी होती है। मतदान केवल एक संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी भी है। जब हम मतदान करते हैं, तब हम देश के भविष्य की दिशा तय करते हैं। एक समझदार और जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण करता है।
उन्होंने युवाओं से कहा कि आज का युवा ही कल का नीति-निर्धारक है, इसलिए उसे अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने लोकतंत्र में नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता और जनभागीदारी की भूमिका को भी विस्तार से समझाया। और कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की शपथ (मतदाता संकल्प) दिलाई गई, जिसमें उन्होंने निष्पक्ष, निर्भीक एवं सजग मतदाता बनने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. अमृता पाठक द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती मालती पैंकरा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
Tags :
Bhilai charoda kumhari bhilai 3 bhilainagar
विज्ञापन
विज्ञापन