Accident : तेज रफ्तार ने ली जान; खड़ी पानी टैंकर से टकराई बाइक, युवक की मौत
Sun, Apr 5, 2026
जशपुर।
छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे थम नहीं रहे है, यहां आए दिन सड़क दुर्घटना में कई लोग अपनी जान गवां रहे हैं। इसी बीच जशपुर में तमता-डूमरबहार मुख्य मार्ग स्थित पंडरीपानी के पास एक तेज रफ्तार बाइक खड़ी पानी टैंकर से जा टकराई। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ये पूरा मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है। यहाँ निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी पानी टैंकर सड़क किनारे खड़ी थी, इसी दौरान तमता से डूमरबहार की ओर जा रहा बाइक सवार युवक मोड़ के पास खड़ी टैंकर से जा टकराया। बाइक सीधे टैंकर के अंदर जा घुसी। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
BREAKING : तालाब में तैरती मिली दो बच्चों की लाश, कल से थे लापता, गांव में पसरा मातम
Sun, Apr 5, 2026
जशपुर।
जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां बीते दिन से लापता दो मासूम बच्चों की लाश तालाब में तैरती हुई मिली है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह मामला बगीचा थाना क्षेत्र के बिसबहरी गांव का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
मृतक बच्चों की पहचान गोल्डी टोप्पो (7 वर्ष) और अनीस टोप्पो (8 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे शनिवार शाम से लापता थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो बगीचा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट के बाद पुलिस लगातार बच्चों की खोजबीन में लगी हुई थी। इसी बीच आज रविवार को गांव के पास स्थित एक तालाब में दोनों बच्चों के शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे तालाब में नहाने गए हुए थे, तभी यह हादसा हुआ। हालांकि, मामले में पुलिस जांच कर रही है कि आखिर यह घटना कैसे हुई। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राज्यपाल डेका : ने जशपुर के केरेगांव होम-स्टे का किया अवलोकन
Sun, Apr 5, 2026
रायपुर।
राज्यपाल रमेन डेका ने जशपुर प्रवास के दौरान शनिवार को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल देशदेखा के समीप स्थित केरेगांव में विकसित होम-स्टे का अवलोकन किया। इस दौरान वे स्थानीय आदिवासी संस्कृति, जनजीवन और पारंपरिक आतिथ्य परंपरा से रूबरू हुए। होम-स्टे प्रवास के दौरान उन्होंने देशदेखा समूह की महिलाओं द्वारा पारंपरिक विधि से तैयार किए गए व्यंजनों का स्वाद चखा। राज्यपाल डेका ने ग्रामीण परिवेश में विकसित होम-स्टे को प्रेरणादायक कदम बताया और कहा कि यह प्रयास न केवल ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देते हैं, बल्कि स्थानीय महिलाओं और ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाते हैं।
इस दौरान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने जसक्राफ्ट ब्रांड के तहत छिंद एवं कांसा से निर्मित पारंपरिक आभूषण माला एवं झुमके राज्यपाल को भेंट किए। राज्यपाल डेका ने स्थानीय महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल कौशल विकास, रोजगार सृजन तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगी।
इस दौरान देशदेखा क्लाइंबिंग कम्पनी के सदस्यों ने भी राज्यपाल से भेंट की। उन्होंने क्षेत्र में एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां नियमित रूप से रॉक क्लाइंबिंग जैसे खेलों का आयोजन किया जाता है। राज्यपाल ने अधिकारियों को ऐसे खेलों को निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन देने को कहा, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले और अधिक से अधिक युवा इन गतिविधियों की ओर आकर्षित हों। इस दौरान कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार,वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित अन्य अधिकारीगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।