शीत लहर : से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देश
Fri, Nov 28, 2025
दुर्ग।
जिले में बढ़ती ठंड और शीत लहर के गंभीर स्वास्थ्य प्रभावों को देखते हुए, जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। शीत लहर (कोल्ड वेव्स) के कारण हाइपोथर्मिया और फ्रॉस्टबाइट जैसी गंभीर समस्याएँ हो सकती हैं। इसलिए, सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे इन निर्देशों का गंभीरता से पालन कर स्वयं को और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
शीत लहर क्या है?
शीत लहर एक ऐसी स्थिति है जिसमें हवा का तापमान सामान्य से काफी नीचे गिर जाता है। हवा का दबाव बढ़ जाता है, ठंडी हवाएं चलने लगती है। फ्रॉस्ट या बर्फ जमने लगती है।
ठंड की लहर के दौरान क्या करें?
ठंड के प्रकोप से बचाव के लिए नागरिक गर्म कपड़े पहनें। यदि कपड़े गीले हो जाएँ, तो उन्हें तुरंत बदलकर सूखे कपड़े धारण करें। विशेष ध्यान देते हुए, बच्चों और बुजुर्गों को हर समय गर्म रखें, क्योंकि वे ठंड के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। अपने शरीर को अंदर से गर्म रखने के लिए, गरम पेय पदार्थों का सेवन करें और पौष्टिक भोजन करें। यदि आप बाहर काम कर रहे हैं, तो शरीर को सामान्य तापमान पर रखने के लिए बीच-बीच में ब्रेक लेते रहें। इन उपायों से ठंड के कारण होने वाली बीमारियों से बचा जा सकता है।
ठंड की लहर के दौरान क्या न करें?
ठंड की लहर के दौरान कुछ गतिविधियों से सख्ती से बचना चाहिए। बिना किसी आवश्यक कार्य के ठंड में बाहर न जाएँ। शरीर को ठंड से बचाने के लिए पतले या गीले कपड़े बिलकुल न पहनें। ठंड से राहत पाने के लिए आग के बहुत पास न बैठें, क्योंकि यह त्वचा को नुकसान पहुँचा सकता है। शराब का सेवन न करें, क्योंकि यह शरीर की गर्मी कम करने की प्रक्रिया को भ्रमित कर सकता है। यदि किसी हिस्से में फ्रॉस्टबाइट हो जाए, तो उस हिस्से को कदापि न रगड़ें, बल्कि तुरंत डॉक्टरी सलाह लें।
CG whether : CG Weather Update: शीत लहर का अलर्ट, 24 घंटे में 2 डिग्री तक गिर सकता है पारा…
Fri, Nov 28, 2025
रायपुर:
राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में ठंड की वापसी नवंबर अंत तक हो जाएगी. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है. यही नहीं मौसम विभाग ने उत्तरी छग के एक-दो पॉकेट में शीत लहर चलने की आशंका भी जताई है. हालांकि इसके बाद आगामी 2 दिनों तक कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा. बदली-बारिश जैसी कोई स्थिति प्रदेश में नहीं है. पूरे राज्य में मौसम शुष्क ही रहा. आने वाले 24 घंटों दौरान भी मौसम शुष्क ही रहेगा.
नवंबर की शुरुआत में ठंड के अहसास के बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में पुनः वृद्धि हो गई थी. इस कारण ठंड नवंबर के पहले पखवाड़े की तुलना में कम हो गई थी. माहांत तक इसमें पुनः वृद्धि हो जाएगी. ठंड में उबला अंडा, पहली बार दाम चिल्हर में आठ रुपए.
राजधानी सहित पूरे छग में पारा 30 डिग्री से नीचे पहुंच गया है. प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 29.2 डिग्री दुर्ग में दर्ज किया. जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 6 डिग्री दर्ज हुआ.
राजधानी रायपुर में आज आकाश साफ रहने की संभावना है. इस दौरान अधिक्तम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है
विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ पर हमला : आरोपी गिरफ्तार
Fri, Nov 28, 2025
जिला प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई
जिले भर के बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने पुलिस को दिए कड़े निर्देश
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन ने की जिला प्रशासन की कार्रवाई की सराहना
दुर्ग।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के संदर्भ में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र में बूथ लेवल अधिकारी पर हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। प्रशासन और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की कठोर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
25 नवंबर 2025 को विधानसभा क्षेत्र 65 भिलाई नगर के बूथ क्रमांक 117 में कार्यरत बीएलओ श्री रूपेश कुमार पर आरोपी जावेद हुसैन ने शराब के नशे में अनायास हमला कर दिया। यह हमला राष्ट्रीय महत्व के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाला पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने घायल बीएलओ को तत्काल सुपेला अस्पताल में भर्ती कराया, बाद में उनका उपचार जिला अस्पताल दुर्ग में किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह अस्पताल पहुंचकर रूपेश जोशी से मुलाकात की और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी/सिविल सर्जन को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पुलिस को सभी क्षेत्रों में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग हेतु आदेश दिए। बीएलओ रूपेश की स्वास्थ्य स्थिति अब सामान्य है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें तत्काल बीएलओ कार्य से मुक्त किया गया और उनके स्थान पर अन्य कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई। जिले में समस्त बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश पुलिस को प्रदान किए गए हैं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। फेडरेशन ने आश्वस्त किया कि सभी शिक्षक एसआईआर जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी बीएलओ और निर्वाचन कार्य में लगे शिक्षकों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करें और किसी भी बहकावे में न आएं।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त बैठक कर बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजना तैयार की है। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। समस्त पुलिस अधिकारियों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी थाना प्रभारी के मोबाईल नंबर बूथ लेवल अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए हैं। महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मतदान केंद्र क्षेत्रों में विशेष निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। बीएलओ को पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए हैं ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सूचना दी जा सके और तत्काल कानूनी कार्रवाई की जा सके।
जिला कार्यालय दुर्ग में आयोजित बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अभिषेक अग्रवाल,
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 65 भिलाई नगर योगिता देवांगन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री हितेश पिस्दा तथा शिक्षक फेडरेशन के जिला पदाधिकारी कृष्ण कुमार वर्मा, चेतन सिंह परिहार, उत्तम ठाकुर एवं सतीश चंद्राकर उपस्थित रहे।