BREAKING : साय कैबिनेट की बैठक संपन्न, बिजली बिल में राहत समेत लिए गए यह बड़े फैसले
Wed, Dec 3, 2025
रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में राज्य के घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली बिल में रियायत देने के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए –
मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान (M-URJA) – राज्य के घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत देने के लिए मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान राज्य में 01 दिसम्बर 2025 से लागू है, जिसके तहत घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को 100 यूनिट से बढ़ाकर अब 200 यूनिट प्रति माह तक बिजली बिल में 50 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा। यह लाभ 400 यूनिट तक खपत वाले उपभोक्ताओं को भी मिलेगा।
राज्य में 200 से 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को अगले एक वर्ष तक 200 यूनिट तक, बिजली बिल में 50 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा, इससे 6 लाख उपभोक्ता लाभान्वित होंगे, ताकि इस अवधि में वे अपने घरों में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट स्थापित करा सके।
इस तरह मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान से प्रदेश के 42 लाख उपभोक्ता लाभान्वित होंगे, वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना का लाभ प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं को मिलेगा।
गौरतलब है कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत राज्य शासन की ओर से सब्सिडी दी जा रही है, जिसके तहत 1 किलोवॉट क्षमता के सोलर प्लांट पर 15,000 रुपये तथा 2 किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता के प्लांट पर 30,000 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी दी जा रही है। यह व्यवस्था राज्य में सौर ऊर्जा अपनाने को प्रोत्साहित करेगी और आने वाले समय में उपभोक्ताओं को हाफ बिजली से फ्री बिजली की ओर ले जाएगी।
छत्तीसगढ़ भण्डार क्रय नियम, 2002 में स्थानीय लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों से क्रय को प्रोत्साहन देने तथा जेम पोर्टल में क्रय की स्पष्टता के लिए संशोधन किए जाने का निर्णय लिया गया। इन संशोधन से क्रय प्रक्रिया का सरलीकरण होगा, पारदर्शिता में वृद्धि होगी, प्रतिस्पर्धा को बढा़वा मिलेगा तथा समय और संसाधनों की बचत होगी।
मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) (संशोधन) विधेयक, 2025 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा की शर्तों का विनियमन) अधिनियम, 2017 (क्र. 21 सन् 2018) में संशोधन हेतु छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना संशोधन विधेयक, 2025 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया। जिससे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के रिफॉर्म्स और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
Breaking : तेज रफ्तार यात्री बस पलटी, एक की मौत, मची चीख पुकार
Wed, Dec 3, 2025
बिलासपुर :
छतीसगढ़ के बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा हो गया है, मरवाही से बिलासपुर आ रही दीप ट्रैवल्स की यात्री बस गड्ढों और जर्जर हालत के कारण अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में 19 वर्षीय यशपाल सिंह की मौत हो गई, वहीं आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज ढाल और खराब सड़क पर बस अनियंत्रित होकर नीचे गिरी, हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। जिन्हें उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। जबकि मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सिटी कोतवाली सुखनंदन पटेल तत्काल मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायज़ा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
CG Accident : तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटी सवार को रौंदा, युवक की मौत
Wed, Dec 3, 2025
CG Accident :
रायगढ़ के सर्किट हाउस रोड स्थित वॉटर वर्ल्ड चौक में कल देर रात तेज रफ्तार हाइवा ट्रेलर ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल भुवन श्रीवास की जिंदल हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोपी चालक मौके से फरार है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सिटी कोतवाली सुखनंदन पटेल भी तत्काल मौके पर पहुँचे।
100 मीटर दूर गिरा युवक
जानकारी मुताबिक, कल रात लगभग 10 बजे वॉटर वर्ल्ड चौक, सर्किट हाउस रोड पर भीषण सड़क हादसा हुआ। उर्दना की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे हाइवा ट्रेलर (CG 12 AY 1280) ने स्कूटी सवार भुवन श्रीवास को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ताक़तवर थी कि भुवन श्रीवास करीब 100 मीटर दूर जंगल के अंदर की ओर जाकर गिरे। घायल अवस्था में उन्हें जिंदल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान भुवन श्रीवास, पिता स्व. कन्हैया श्रीवास, निवासी रिया पारा रायगढ़ के रूप में हुई है। टक्कर के बाद हाइवा ट्रक अनियंत्रित होकर एक बड़े पेड़ और बाउंड्री वॉल को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। गनीमत रही कि बाउंड्री वॉल की जगह घर नहीं था, वरना जनहानि और बड़ी हो सकती थी।घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। रिपोर्टकर्ता राजू श्रीवास की शिकायत पर पुलिस ने धारा 106(1) BNS और 184 MV Act के तहत केस दर्ज किया है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सिटी कोतवाली सुखनंदन पटेल तत्काल मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायज़ा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।