टीबी से घबराने की जरूरत नहीं, इलाज संभव : मंत्री लखनलाल देवांगन
Sun, Jan 11, 2026
रायपुर ।
कोरबा जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम विभाग मंत्री लखनलाल देवांगन ने टीबी मरीजों को पोषण आहार किट का वितरण किया। उन्होंने मरीजों से आत्मीय बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उपचार संबंधी आवश्यक सुझाव भी देते हुए कहा कि टीबी का उपचार पूरी तरह संभव है।
अनुपयोगी खानपान और स्वास्थ्यकर आदतों के कारण यह बीमारी किसी को भी हो सकती है, लेकिन समय पर जांच और उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि टीबी को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार छह माह तक की नियमित दवा का सेवन आवश्यक है। इसलिए पीड़ित को उपचार अवधि में पूरक पोषण आहार, स्वच्छता और सावधानियों का पालन करना चाहिए ताकि शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़े और इलाज अधिक प्रभावी हो सके। मंत्री ने सभी के शीध्र स्वस्थ्य होने की कामना भी की।
मंत्री देवांगन ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में टीबी जैसे रोग को जड़ से मिटाने का अभियान स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से संचालित हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निरन्तर प्रयास से प्रदेश में गांव से लेकर शहर तक टीबी सहित अन्य बीमारियों के रोकथाम और उपचार के लिए सतत प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वाजनिक उपक्रमों के सहयोग से टीबी उन्मूलन की दिशा में एक सशक्त अभियान चलाया जा रहा है। निक्षय निरामय मित्र के माध्यम से टीबी मरीजों की पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि जिले में मरीजों की संख्या पहले से घटकर कम हो गई है। आने वाले समय में सभी मरीजों का उपचार होगा और जिला टीबी मुक्त होगा। उन्होंने टीबी मरीजों के बेहतर उपचार में परिवार, समाज और सामाजिक संस्थाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए सहयोग करने की अपील भी की। इस दौरान उन्होंने टीबी मरीजों को पोषण आहार किट का वितरण किया।
कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत, गोपाल मोदी, सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केशरी, क्षय अधिकारी डॉ. बी.आर. रात्रे ने टीबी से बचाव और उपचार के लिए अपनी बातें रखी। टीबी अधिकारी डॉ.रात्रे ने जिले में क्षय रोग को दूर करने जिले में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान अपर कलेक्टर ओंकार यादव, एसडीएम सरोज महिलांगे आदि सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहें।
सरकार : ने 34 अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली
Sun, Jan 11, 2026
रायपुर।
राज्य शासन ने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के काम-काज में कसावट तथा विभागीय कार्य प्रणाली में सुधार लाने प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव किए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने वरिष्ठ स्तर पर राज्य कार्यालय, जल जीवन मिशन मुख्यालय और मैदानी कार्यालयों के 34 अधिकारियों का स्थानांतरण व जिम्मेदारी बदल दी गई है। विभाग ने मैदानी स्तर पर कार्यों को और गति देने 26 उप अभियंताओं को सहायक अभियंता के रूप में पदोन्नत किया है। उप मुख्यमंत्री साव ने मैदानी कार्यों में कसावट लाने दोहरे प्रभार पर चल रहे अधीक्षण अभियंता श्री संजीव बृजपुरिया को अपने ओएसडी के प्रभार से मुक्त कर दिया है। अब उनके पास केवल दुर्ग मंडल के अधीक्षण अभियंता की जिम्मेदारी रहेगी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने कार्यों में लापरवाही बरतने एवं त्रुटिपूर्ण रिपोर्टिंग के चलते निलंबित किए गए 6 कार्यपालन अभियंताओं की बहाली के भी आदेश जारी किए हैं।
उप मुख्यमंत्री तथा विभागीय मंत्री अरुण साव ने जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही बरतने एवं सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना सामग्री में परिवर्तन करने पर कड़ा रूख अख्तियार करते हुए रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभाग ने उनके विरूद्ध विभागीय जांच के भी आदेश जारी कर दिए हैं। जांचकर्ता अधिकारी को एक माह में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
राज्य शासन ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रभारी प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी को वर्तमान दायित्वों के साथ जल जीवन मिशन के अतिरिक्त मिशन संचालक की भी जिम्मेदारी दी है। मंत्रालय में विभागीय ओएसडी के रूप में पदस्थ मुख्य अभियंता के.के. मरकाम को रायपुर परिक्षेत्र का मुख्य अभियंता बनाया गया है। कोंडागांव मंडल के अधीक्षण अभियंता एवं जगदलपुर परिक्षेत्र के प्रभारी मुख्य अभियंता जी.एल. लखेरा को प्रभारी मुख्य अभियंता, जगदलपुर परिक्षेत्र पदस्थ किया गया है। मुख्य अभियंता कार्यालय, रायपुर में अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र कुमार शुक्ला को कोंडागांव मंडल का अधीक्षण अभियंता बनाया गया है। जल जीवन मिशन के अतिरिक्त मिशन संचालक एस.एन. पाण्डेय को प्रमुख अभियंता कार्यालय में अधीक्षण अभियंता पदस्थ किया गया है। विभाग ने कांकेर खंड कार्यालय में कार्यपालन अभियंता के रूप में पदस्थ अधीक्षण अभियंता बी.एन. भोयर को प्रमुख अभियंता कार्यालय में जल जीवन मिशन में कार्य करने के लिए आदेशित किया है। अधीक्षण अभियंता श्री समीर शर्मा को राजनांदगांव खंड कार्यालय से स्थानांतरित करते हुए रायपुर में मुख्य अभियंता कार्यालय में पदस्थ करते हुए जल जीवन मिशन का काम सौंपा गया है। इनके साथ ही विभाग ने मैदानी स्तर पर पदस्थ 22 कार्यपालन अभियंताओं तथा तीन सहायक अभियंताओं के भी तबादले के आदेश जारी किए हैं।
ये अधिकारी बने उप अभियंता से सहायक अभियंता
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 26 उप अभियंताओं (सिविल) के सहायक अभियंता (सिविल) के पद पर पदोन्नति के आदेश जारी किए हैं। इनमें सर्वश्री गुणेश कुमार पानीग्रही, सरोतन सिंह पैंकरा, रवि प्रकाश जोशी, प्रणेश कुमार रामटेके, प्रकाश सिंह ठाकुर, गुलाब सिंह चौहान, दौलत राम बंजारे, अमित कुमार मिश्रा, अशोक कुमार राज, कौशल कुमार नेताम, विशाल गेडाम, कृष्णमूर्ति, पवन कुमार अग्रवाल, अमित राय, आलोक मंडल, श्रीमती अंजू साहू, श्रीमती रीना सिंह, श्रीमती सुभ्रा बघेल और श्रीमती के. सुनीता शामिल हैं। विभाग ने सात उप अभियंताओं को परिभ्रमण से मुक्त करते हुए सहायक अभियंता के रूप में पदोन्नति दी है। इनमें सर्वश्री विनोद कुमार सिंह, रेवेन्द्र महोबिया, प्रमोद कुमार महतो, डेमन लाल देशमुख, रूपचंद सूर्यवंशी, सत्यनारायण सिंह कंवर और विमलेश कुमार सिंह शामिल हैं।
6 अभियंताओं की निलंबन से बहाली
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही बरतने एवं त्रुटिपूर्ण रिपोर्टिंग के चलते निलंबित किए गए 6 कार्यपालन अभियंताओं की बहाली के भी आदेश जारी किए हैं। इनमें सर्वश्री जगदीश कुमार, उत्तर कुमार राठिया, चन्द्रबदन सिंह, एस.पी. मंडावी, जे.एल. महला और रूपेश कुमार धनंजय शामिल हैं।
रायपुर बीजेपी दफ्तर : में वीबी जी राम जी योजना पर कार्यशाला का आयोजन आज
Sun, Jan 11, 2026
रायपुर.
केंद्र सरकार की वीबी जी राम जी योजना को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर प्रदेश संगठन ने भी प्रदेशभर में इस योजना को लेकर जन जागरण चलाने का फैसला किया है. जनवरी में पूरे माह प्रदेश में आयोजन होंगे. प्रदेशभर में होने वाले सम्मेलनों में जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा नेता शामिल होंगे, वहीं भाजपा के राष्ट्रीय नेता भी सम्मेलनों के लिए आएंगे. कब कहां सम्मेलन होंगे, इसका फैसला रविवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होने वाली कार्यशाला में होगा. केंद्र सरकार ने मनेरगा के स्थान पर अब वीबी जी राम जी योजना प्रारंभ की है.
इसको लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं. इस योजना का विपक्ष लगातार विरोध कर रहा है. ऐसे में अब भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने इस योजना को लेकर देश के सभी राज्यों में जन जागरण अभियान चलाने का फैसला किया है. राज्यों में इसके लिए टीम भी बनाई गई है. छत्तीसगढ़ में भी प्रदेश टोली का गठन किया गया है. इसका प्रदेश संयोजक प्रदेश भाजपा के महामंत्री यशवंत जैन को बनाया गया है. इसी के साथ सदस्य भी बनाए गए हैं.
11 जनवरी को सुबह 10 बजे से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला होगी. इसमें प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय का मार्गदर्शन मिलेगा. पवन साय इस समय बंगाल के दौरे पर हैं, उनको वहां पर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने 56 विधानसभाओं का जिम्मा मिला है. ऐसे में पवन साय कार्यशाला में बंगाल से ऑनलाइन जुड़ेंगे. इस कार्यशाला में सभी जिलाध्यक्ष, संभाग और जिलों के प्रभारी, सभी मोर्चा के अध्यक्ष, प्रकोष्ठ के संयोजक, सहकारी बैंकों के अध्यक्षों को बुलाया गया है. इस कार्यशाला में सम्मेलनों की रूपरेखा तय होगी.