CG : मेडिकल कॉलेज परिसर में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
Mon, Mar 9, 2026
कोरबा।
कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के बाहरी हिस्से में अचानक भीषण आग लग गई। काले धुएं का गुबार देख अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के बाहरी परिसर में भारी मात्रा में सूखे पत्ते जमा थे। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति की शरारत या जलती हुई वस्तु फेंकने के कारण इन पत्तों ने आग पकड़ ली। गर्मी और हवा के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और अस्पताल की मुख्य इमारतों की ओर बढ़ने लगी।
अस्पताल प्रबंधन ने बिना देरी किए फौरन पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। गनीमत रही कि आग अस्पताल के वार्डों तक नहीं पहुंची, वरना भारी जन-धन की हानि हो सकती थी।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. के.के. सहारे ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि निश्चित रूप से यह किसी बाहरी व्यक्ति या शरारती तत्व की हरकत है। उन्होंने बताया कि सूखे पत्तों के कारण आग ने तेजी पकड़ी थी।
सीएम विष्णु देव साय : ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सांसद बनने पर दी बधाई
Mon, Mar 9, 2026
रायपुर, 9 मार्च 2026 :
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष में नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने सौजन्य मुलाकात की।
मुख्यमंत्री साय ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद के उच्च सदन राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं, विकास से जुड़े मुद्दों तथा आमजन की अपेक्षाओं को सशक्त रूप से रखने में लक्ष्मी वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव, विधायक अनुज शर्मा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।