अफीम की अवैध खेती पर : CM विष्णुदेव का कड़ा रुख, सभी कलेक्टरों को दिए यह निर्देश
Thu, Mar 12, 2026
रायपुर :-
प्रदेश में अवैध रूप से अफीम की खेती का मामले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी जिलों के कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में संभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि राज्य के किसी भी क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती न हो रही हो। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि 15 दिवस के भीतर प्रमाण पत्र सहित विस्तृत जांच रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि राज्य में अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और कारोबार के प्रति सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के पालन में आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को सर्वे कर जांच रिपोर्ट और उनके जिले में अफीम की खेती नहीं किए जाने संबंधी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र जारी किया गया है।
CG ACCIDENT : अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप वाहन, 3 की मौत, 25 से अधिक घायल
Thu, Mar 12, 2026
नारायणपुर।
जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना नारायणपुर–ओरछा मुख्य मार्ग पर ग्राम झारा घाटी के पास हुई, जहां एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
बताया जा रहा है कि पिकअप में 30 से ज्यादा लोग सवार थे। दुर्घटना में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल 108 संजीवनी एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल नारायणपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह पिकअप वाहन नियमों के विपरीत सवारी ढोने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पहले भी ऐसे वाहनों से कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन संचालक अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सड़क सुरक्षा को लेकर चेतावनी जारी की है।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नारायणपुर–ओरछा मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क की खराब हालत तथा वहां चालकों की लापरवाही के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाओं की खबरें सामने आती रहती हैं।