एक्सप्रेस-वे से गुढिय़ारी आने-जाने वाले : लोगों को कल से अगले 14 दिनों तक बदलना पड़ेगा रूट
Wed, Jun 3, 2026
00 ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
रायपुर।
रायपुर स्टेशन यार्ड के बिलासपुर एंड पर स्थित एक्सप्रेस-वे से गुढिय़ारी आने-जाने वाले लोगों को अगले 14 दिनों तक रूट बदलना पड़ेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मेंटेनेंस कार्य के चलते गुढिय़ारी रेलवे अंडर ब्रिज को 4 जून से 18 जून तक इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक रेलवे स्टेशन की ओर से एक्सप्रेस-वे होते हुए गुढिय़ारी जाने वाले वाहन इस दौरान अंडरब्रिज से नहीं गुजर सकेंगे। रोजाना इस मार्ग का उपयोग करने वाले हजारों लोगों को वैकल्पिक रास्तों से सफर करना होगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा गुढिय़ारी रेलवे अंडरब्रिज-380 में मरम्मत और निर्माण कार्य किए जाने के चलते 4 जून से 18 जून 2026 तक इस मार्ग पर सड़क यातायात बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को तेलघानी नाका ओवरब्रिज और चुनाभट्टी अंडर ब्रिज का उपयोग करने की सलाह दी है। पुलिस ने लोगों से अतिरिक्त समय लेकर निकलने और डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की है।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक रायपुर-गुढिय़ारी (बिलासपुर एंड) स्थित रेलवे समपार 380 में आवश्यक कवर शेड और पाइप डालने का काम किया जाएगा। इसके चलते रेलवे स्टेशन की ओर से गुढिय़ारी जाने वाले अंडरब्रिज मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकने का फैसला लिया गया है।
रेलवे और ट्रैफिक विभाग का कहना है कि काम पूरा होने के बाद मार्ग को फिर से सामान्य आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
6 से 9 जून तक होगा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 का आयोजन : अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी
Wed, Jun 3, 2026
रायपुर।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा की समय-सारिणी घोषित कर दी गई है। आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार परीक्षा का आयोजन 6 जून से 9 जून 2026 तक निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में प्रात: 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 6 जून 2026 को भाषा एवं निबंध, 7 जून को सामान्य अध्ययन- प्रथम एवं द्वितीय, 8 जून को सामान्य अध्ययन-तृतीय एवं चतुर्थ तथा 9 जून को सामान्य अध्ययन-पांचवीं की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 सरगुजा (अंबिकापुर), बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर (जगदलपुर) एवं रायपुर के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। आयोग ने स्प्ष्ट किया है कि प्रवेश पत्र दिनांक 25 मई 2026 को अभ्यर्थियों को जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाईट
www.psc.cg.gov.in
से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग कार्यालय द्वारा किसी भी अभ्यर्थी को पृथक से प्रवेश पत्र अथवा प्रवेश पत्र जारी किए जाने संबंधी कोई सूचना या एसएमएस व्यक्तिश: नहीं भेजा जाएगा।