देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दिसंबर में होगी रवाना : रेट्रोफिटिंग पूरी, रेलवे ने दी तैयारियों को अंतिम रूप
Jagbhan Yadav
Thu, Nov 20, 2025
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन अब दिसंबर में अपनी पहली यात्रा के लिए तैयार मानी जा रही है। रेलवे मंत्रालय ने जानकारी दी है कि कोचों में किए जा रहे रेट्रोफिटिंग और सुधार कार्य लगभग पूरा हो चुका है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि टेस्टिंग के दौरान बोगियों और सीटों में जो कमियां सामने आई थीं, उन्हें ठीक कर लिया गया है। रेलवे का कहना है कि अब ट्रेन को फाइनल ट्रायल के बाद हरी झंडी दी जाएगी।
सुरक्षा मानकों को और मजबूत बनाने के लिए कई अहम बदलाव किए गए हैं। आपातकालीन अलार्म बटन को नई स्थिति में लगाया गया है, वहीं एससी डक्ट को बेहतर जगह शिफ्ट किया गया है। इसके अलावा कोचों में फायर-सेफ केबल और आर्क फॉल्ट डिटेक्शन डिवाइस लगाए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की आग या विद्युत गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके। यूरोपीय सुरक्षा मानकों — जैसे EN 45545 और EN 15227 — के आधार पर थर्ड-पार्टी जांच भी जारी है।
लॉन्च की तारीख कई बार आगे बढ़ चुकी थी, लेकिन इस बार रेलवे को उम्मीद है कि दिसंबर में ट्रेन तय समय पर ट्रैक पर दौड़ेगी। BEML वर्तमान में 10 स्लीपर वंदे भारत ट्रेन सेट तैयार कर रहा है। शुरुआती प्रोटोटाइप ट्रेन का गहराई से परीक्षण किया गया है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा में कोई समझौता न हो।
ट्रेन को 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया है और इसका ट्रायल सफलतापूर्वक 180 किमी प्रति घंटे तक किया जा चुका है। रेलवे का दावा है कि लॉन्च के बाद यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में पहले से ज्यादा आराम, बेहतर सुरक्षा और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
Tags :
Vande Bharat Sleeper Indian Railways Railway Ministry Ashwini Vaishnaw BEML Train Launch 2025 Railway Safety Standards High-Speed Trains India Retrofitting Update
विज्ञापन
विज्ञापन