नंगा कर सड़कों पर घुमाया, धारदार हथियार-पत्थर से मार डाला:पैसों के लेन : नंगा कर सड़कों पर घुमाया, धारदार हथियार-पत्थर से मार डाला:पैसों के लेनदेन-पुरानी रंजिश में हत्या; पत्नी बोली-पुलिस ध्यान
Jagbhan Yadav
Sun, Nov 9, 2025
नंगा कर सड़कों पर घुमाया, धारदार हथियार-पत्थर से मार डाला:पैसों के लेनदेन-पुरानी रंजिश में हत्या; पत्नी बोली-पुलिस ध्यान देती तो पति को बचा लेती
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार रात 8 से ज्यादा लोगों ने एक शख्स की धारदार हथियार और पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। मृतक का नाम संतोष आचार्य (47) है, जो जमीन खरीदी बिक्री और ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। पुलिस ने पैसों के लेनदेन और आपसी रंजिश में मर्डर की बात कही है।
हमलावरों ने पहले गैस कटर से घर का लोहे का दरवाजा काटा फिर संतोष को बाहर निकाला। फिर उसके कपड़े उतारकर सड़कों पर नंगा करके घुमाया। इस दौरान उसे बुरी तरह पीटा। फिर बाजार ले जाकर धारदार हथियार और पत्थर से मारा। रात के 3 बजे संतोष को दुर्ग जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान संतोष की मौत हो गई। पारिवारिक विवाद में पत्नी 4 महीने पहले मायके चली गई थी। पत्नी ने कहा कि मैंने हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। मुझे न्याय चाहिए।
वहीं एक दिन पहले ही संतोष के खिलाफ प्रथम सोनी नाम के शख्स ने मारपीट की FIR दर्ज करवाई थी। शनिवार को पुलिस ने 8 आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
4 महीने पहले मायके चली गई थी पत्नी
संतोष आचार्य दुर्ग के शीतला नगर का रहने वाला था। चार महीने पहले उसकी पत्नी रानी सोनी और अपनी 3 बेटियों के साथ वार्ड नंबर 6 स्थित अपने मायके चली गई। पत्नी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसके पति ज्यादा ही शराब पीने लगे थे। इस वजह से उनका बाहर के लोगों से आए दिन विवाद होता था। इसी बात से नाराज होकर वो बेटियों के साथ अपने मायके चली गई थी।
एक दिन पहले ही संतोष के खिलाफ दर्ज हुआ था मामला
7 नवंबर को दुर्ग कोतवाली में प्रथम सोनी नाम के शख्स ने संतोष आचार्य के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया था। प्रथम सोनी के अनुसार 7 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे वह गांधी चौक के पास राम मंदिर के पास खड़ा था। तभी संतोष आचार्य आया और बिना वजह उसे गालियां देने लगा।
जब प्रथम ने गालियां देने से रोकने की कोशिश की तो संतोष ने धमकी दी, आज तुझे जान से खत्म कर दूंगा, और फिर प्रथम के चेहरे पर थप्पड़ मारा। घटना के वक्त नितेश सोनी और मयंक सोनी भी मौजूद थे।
दोपहर में संतोष के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद, शाम को करीब 4 बजे संतोष और प्रथम के बीच फिर विवाद हुआ। पत्नी रानी सोनी ने बताया कि शाम 4 बजे उनके पति ने उन्हें कॉल किया और बताया कि कुछ लोग उन्हें चाकू लेकर मारने के लिए दौड़ रहे हैं।
रानी ने अपने पति को समझाया कि घर में रहो, पुलिस आएगी तो वे तुम्हें सुरक्षित लेकर जाएगी। लेकिन रात में उन लोगों ने पति को खोज लिया। घर का दरवाजा लोहे का है, जो बंद था। दरवाजे को गैस कटर से काटकर 15-20 लोगों ने संतोष को बाहर निकाला।
पत्नी के मुताबिक उनके पति को आरोपियों ने नंगा करके मारा और पूरे क्षेत्र में घुमाया। इसके बाद उन्हें सदर बाजार भी ले गए और जब तक उनके प्राण नहीं निकल गए, तब तक उन्हें मारते रहे।
इस मामले में पुलिस ने चैतराम सोनी, मनीष, दादू, शिव समेत 8 लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें बाद में पुलिस पकड़कर थाने ले आए। सभी से पूछताछ की जा रही है।
दुर्ग कोतवाली थाना प्रभारी तापेश्वर नेताम ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में यह सामने आया है कि पैसे के लेनदेन के विवाद के कारण हत्या हुई। मामले में और पूछताछ जारी है। CCTV फुटेज और सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
पत्नी रानी ने बताया कि ज्यादा शराब पीने की वजह से अक्सर उनकी लड़ाई होने लगी थी। तीन-चार दिन पहले ही उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी कि उनके पति को गिरफ्तार कर लिया जाए। क्योंकि वह बहुत ज्यादा ड्रिंक करने लगे थे। उनकी लड़ाई अब बाहर सड़कों पर होने लगी थी, वह लोगों को ब्याज पर पैसा देते थे, लेकिन कोई भी पैसा वापस नहीं करता था।
रानी ने बताया कि वह हमेशा लोगों की मदद करते थे और थोड़ा-थोड़ा पैसा वसूल करते थे। बार-बार लड़ाई होने के कारण रानी ने पुलिस से तीन-चार बार कहा था कि उन्हें पकड़ कर अंदर भेज दिया जाए। पुलिस की गाड़ी भी कई बार उनके घर आई थी।
25 साल पहले की थी लव मैरिज
संतोष के पिता वेंकट ने बताया कि मेरे 3 लड़के, 2 लड़की हैं। संतोष सबसे बड़ा बेटा है। ये 25 साल पहले लव मैरिज करके परिवार से अलग हो गया था।
पुलिस बोली- आपसी रंजिश में विवाद हुआ था
ASP सुखनंदन राठौर ने बताया कि शुक्रवार रात को घटना हुई। यह विवाद आपसी रंजिश का था, जिसमें 7-8 युवकों ने मारपीट की थी। उन्हें हाथ-मुक्कों, धारदार हथियार और पत्थर से मारा गया था, जिससे वह घायल हो गया।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन