रायपुर : छत्तीसगढ़ में SIR की तारीख फिर बढ़ी: अब 18 दिसंबर तक भर सकेंगे फॉर्म, आयोग सख्त—समय पर आवेदन नहीं करने वालों को नोटिस
Jagbhan Yadav
Thu, Dec 11, 2025
देशभर के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया को लेकर छत्तीसगढ़ में एक बार फिर समय सीमा बढ़ा दी गई है। अब मतदाता 18 दिसंबर तक अपने फॉर्म भर सकेंगे। पहले यह अंतिम तिथि 11 दिसंबर थी, लेकिन हजारों फॉर्म अभी तक चुनाव आयोग तक नहीं पहुंच पाने के कारण एक सप्ताह की अतिरिक्त मोहलत दी गई है।
प्रदेश में BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) घर–घर जाकर मतदाताओं को फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन अब तक बड़ी संख्या में आवेदन जमा नहीं हो पाए हैं। आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन मतदाताओं ने फॉर्म जमा नहीं किया है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। यह कदम मतदाता सूची में सटीकता लाने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए उठाया जा रहा है।
आयोग के अधिकारियों के अनुसार, यह प्रक्रिया मतदाता सूची में सुधार और अपडेट के लिए बेहद जरूरी है। इसमें 18 वर्ष से अधिक उम्र के नए मतदाताओं को जोड़ना, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाना और गलत नाम अथवा पते को ठीक करना शामिल है। SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है।
30 नवंबर को भी बढ़ाई गई थी डेडलाइन
चुनाव आयोग पहले ही 30 नवंबर को SIR की समय सीमा बढ़ाने का निर्णय ले चुका था। नई घोषणा के अनुसार, अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। वहीं, वोटर वेरीफिकेशन की प्रक्रिया अब बढ़ाकर 18 दिसंबर तक कर दी गई है। आयोग चाहता है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे।
राजनीतिक दलों को मिलेगी मृत मतदाताओं की सूची
आयोग ने बताया कि राजनीतिक दलों के बूथ-लेवल एजेंटों (BLA) को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने से पहले मृत, स्थानांतरित और गैरमौजूद मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। इससे राजनीतिक दल भी मतदाता सूची की शुद्धता में योगदान दे सकेंगे।
अभी भी हजारों फॉर्म नहीं पहुंचे आयोग तक
चुनाव आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार छत्तीसगढ़ में 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाता दर्ज हैं। SIR प्रक्रिया के लिए 24,371 BLO और 38,846 BLA तैनात किए गए हैं। BLO तीन–तीन बार घर जाकर फॉर्म भरवा रहे हैं, फिर भी हजारों मतदाता फॉर्म जमा नहीं कर रहे। इस स्थिति में आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
समय पर फॉर्म नहीं भरने वालों पर होगी कार्रवाई
आयोग ने चेतावनी दी है कि जो लोग SIR फॉर्म समय सीमा के भीतर जमा नहीं करेंगे, उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन रखना है, इसलिए इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छत्तीसगढ़ में SIR की तारीख बढ़ाए जाने से मतदाताओं, BLO और राजनीतिक दलों को अतिरिक्त समय मिल गया है। अब लक्ष्य यह है कि 18 दिसंबर तक अधिकतम फॉर्म जमा हों, ताकि फरवरी 2026 में जारी होने वाली मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और सटीक हो।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन