Crime : आस्था से खेला : भरोसे को लूटा—दुर्ग में 13 लाख की अंधविश्वास ठगी का भंडाफोड़
Jagbhan Yadav
Sat, Jan 24, 2026
दुर्ग। अंधविश्वास और देवी साधना के नाम पर करीब 13 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 लाख रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जबकि करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने के कंगन लेकर फरार मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिंधी कॉलोनी निवासी संजय अठवानी ने 21 जनवरी को छावनी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उसकी दुकान पर दो युवक साइकिल देखने के बहाने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उनमें से एक ने अपना नाम राजू बताया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसी बातचीत में आरोपियों को यह जानकारी मिली कि संजय की मां अक्सर बीमार रहती हैं। इस पर राजू ने देवी साधना और पूजा-पाठ के जरिए उन्हें पूरी तरह ठीक करने का दावा किया और इसके बदले खर्चा लगने की बात कही।आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने 16 जनवरी को पूजा के चढ़ावे के नाम पर एक नारियल और 1100 रुपये राजू को दे दिए। इसके बाद ठगों ने विश्वास दिलाया कि विधिवत पूजा कराने से उसकी मां पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगी। इसी बहाने उन्होंने मां के पहने हुए सोने के कंगन और 4 लाख रुपये घर के मंदिर में रखने की बात कही। कुछ देर बाद आरोपियों ने पीड़ित को पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास बुलाया और वहां सोने के कंगन व कुल 8 लाख रुपये अपने पास रखकर घर लौट जाने को कहा, साथ ही यह भरोसा दिलाया कि वे शाम को घर आकर पूजा कराएंगे।
शाम होने पर जब संजय ने आरोपियों को फोन किया तो मोबाइल बंद आने लगा, जिससे उसे ठगी का शक हुआ। इसके बाद उसने तुरंत छावनी थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और रेलवे स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में एक महिला समेत तीन लोग ऑटो रिक्शा से रायपुर की ओर जाते हुए दिखाई दिए।सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने पीछा करते हुए रायपुर के सरोना स्थित एक मकान में दबिश दी, जहां से चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) निवासी बाबूलाल और एक बुजुर्ग महिला को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से 8 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में मुख्य आरोपी शंकर, जो करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने के कंगन लेकर फरार है, उसकी तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन