रायपुर में सौतेले पिता की दरिंदगी से मासूम की मौत : 15 दिन तक होती रही पिटाई, शरीर पर मिले 28 गंभीर चोटों के निशान
Jagbhan Yadav
Thu, Nov 20, 2025
रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में दो वर्ष छह माह के मासूम की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस के अनुसार, बच्चे की मौत उसके सौतेले पिता की लगातार मारपीट के कारण हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के शरीर पर 28 अलग-अलग जगह गंभीर चोटों के निशान पाए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब 15 दिनों से मासूम को बेरहमी से पीटता था। नाक और सीने पर मुक्कों से हमला किया जाता था, जिससे बच्चा दर्द से कराहता रहता था और कुछ कह भी नहीं पाता था।
मृत बच्चा अपनी मां रेशमी ताम्रकार (24) और सौतेले पिता आकिब खान के साथ रहता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आकिब खान पेशे से कसाई का काम करता है और रेशमी के साथ प्रेम संबंधों के बाद उसने शादी की थी। शादी के बाद दोनों रायपुर के हीरापुर क्षेत्र में रहने लगे थे। रेशमी के पहले पति से तीन बच्चे हैं, जिनमें से दो अपने ननिहाल में रह रहे थे, जबकि मृत बच्चा रेशमी के साथ ही रहता था।
जांच अधिकारियों के अनुसार, आकिब बच्चे से चिढ़ता था और उसे घर में रखने के लिए तैयार नहीं था। उसने रेशमी से कई बार कहा था कि यदि वह अकेले आएगी तो वह उसे रख लेगा, लेकिन बच्चों को वह अपने साथ रखने को तैयार नहीं था। पुलिस का कहना है कि इसी नाराज़गी में वह लगातार बच्चे को पीटता था और उसे रेशमी के रास्ते से हटाना चाहता था।
पड़ोसियों ने कई बार घर से बच्चे के रोने की आवाजें सुनीं, लेकिन पूछने पर आरोपी टालमटोल कर देता था। रेशमी भी पहले पति से अलग रह रही थी और उसके मायकेवालों ने भी उससे संबंध तोड़ दिए थे, जिसके कारण किसी को स्थिति की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई।
बच्चे की मौत के बाद उसे अस्पताल लाया गया। बच्चे की स्थिति संदिग्ध लगने पर अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पीएम रिपोर्ट ने स्पष्ट किया कि बच्चा ‘अननैचुरल डेथ’ का शिकार हुआ है। इसके बाद पुलिस ने रेशमी और आकिब दोनों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में धीरे-धीरे पूरी कहानी सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी आकिब खान को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बच्चे की मां रेशमी की भूमिका की भी जांच की जा रही है, क्योंकि वह मारपीट की जानकारी छुपाती रही और समय रहते बच्चे को बचाने का प्रयास नहीं किया।
Tags :
Raipur Crime Child Murder Stepfather Violence Kabir Nagar Police Domestic Violence Crime Against Children Chhattisgarh News Postmortem Report Arrest News
विज्ञापन
विज्ञापन