राजशेखावत की गिरफ्तारी के बाद रायपुर में बढ़ा तनाव, : समर्थकों की भिड़ंत से थाने के बाहर माहौल गरम
Jagbhan Yadav
Wed, Nov 19, 2025
रायपुर में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत की गिरफ्तारी ने पूरे शहर के माहौल को अचानक तनावपूर्ण बना दिया। जैसे ही शेखावत मोरहापारा थाने पहुंचे, उनके समर्थकों की भीड़ थाने के बाहर उमड़ पड़ी। समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की, जिसके चलते पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।
थाने के बाहर एएसपी, दो सीएसपी और कई थानों की टीमें तैनात की गईं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। पुलिस का दावा है कि शेखावत पर दर्ज FIR के बाद ही कार्रवाई की गई है। FIR में उन पर वीरेंद्र तोमर के जुलूस मामले में पुलिसकर्मियों को धमकाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने के आरोप लगे हैं।
गिरफ्तारी से एक दिन पहले शेखावत ने सोशल मीडिया पर ‘आमंत्रण यात्रा’ निकालने की घोषणा की थी और साथ ही खुद थाने में उपस्थित होकर गिरफ्तारी देने की बात कही थी। समर्थक इस गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए इसे समाज के खिलाफ कार्रवाई करार दे रहे हैं।
घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज है। पुलिस प्रशासन हालात पर कड़ी नजर रखे हुए है और साफ कर दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags :
Raipur, Raj Shekhawat, Karni Sena, Arrest, Protest, Police Deployment, Virendra Tomar Case, Chhattisgarh News
विज्ञापन
विज्ञापन