रायगढ़ में स्वच्छता अभियान तेज़: : खुले में कचरा फेंकने वालों पर निगम की कड़ी निगरानी और जुर्माना
Jagbhan Yadav
Mon, Nov 17, 2025
रायगढ़ नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से इस बार बेहद सख्त रुख अपनाया है। लंबे समय से खुले स्थानों पर कचरा फेंकने की समस्या से जूझ रहे शहर में अब निगम ने नई रणनीति लागू की है, जिसमें भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और वार्डों के प्रमुख प्वॉइंट्स पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कैमरों के फुटेज के आधार पर निगम की टीम रोजाना निगरानी कर रही है और नियम तोड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई कर रही है।
पहले जिन खाली जगहों पर कचरे का ढेर जमा रहता था, वहां अब नियमित साफ-सफाई की जा रही है। निगम का दावा है कि इसकी वजह से शहर की स्वच्छता स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। शहरवासी भी अब धीरे-धीरे इस व्यवस्था का पालन करने लगे हैं, जिससे सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी में कमी आई है।
हालांकि विपक्ष का आरोप है कि नगर निगम पहले से ही यूजर चार्ज के नाम पर भारी राशि वसूल रहा है और अब बड़े जुर्मानों के जरिए आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है। विपक्ष की मांग है कि पहले कचरा उठाने की व्यवस्था को बेहतर किया जाए। दूसरी ओर, निगम प्रशासन का कहना है कि नियमों का पालन करवाने के लिए सख्ती आवश्यक है, अन्यथा शहर को स्वच्छ बनाना संभव नहीं होगा।
निगम ने जारी निर्देशों में स्पष्ट कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकते पकड़े जाने पर 5,000 से 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही बार-बार गलती करने वालों पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगम का मानना है कि इस कदम से शहर में जागरूकता बढ़ेगी और ‘स्वच्छ रायगढ़’ का लक्ष्य जल्द ही प्राप्त किया जा सकेगा।
Tags :
Raigarh Swachhata Mission Municipal Corporation Public Littering Cleanliness Drive Chhattisgarh News Fine and Penalty
विज्ञापन
विज्ञापन