रायगढ़ में फिर हाथियों का उत्पात: : सुबह-सुबह गांव में घुसा झुंड, मकान तोड़ा और फसल रौंदी
Jagbhan Yadav
Fri, Nov 28, 2025
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों की गतिविधियाँ एक बार फिर बढ़ गई हैं। शुक्रवार तड़के लगभग 4 बजे कपू वन परिक्षेत्र के जंगलों से 20 हाथियों का झुंड निकलकर मिरिगुड़ा बीट के फिटिंगपारा गांव में पहुंच गया। अचानक इतने बड़े झुंड के गांव में घुस आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग अंधेरे में ही घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
हाथियों ने गांव में पहुंचते ही भोजन की तलाश में कई जगहों पर तोड़फोड़ की। झुंड में शामिल दो हाथियों ने ग्रामीण रूचा यादव के कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी। घटना के समय परिवार घर के भीतर था, लेकिन समय रहते बाहर निकलने के कारण सभी लोग सुरक्षित बच गए। मकान टूटने की आवाज और हाथियों की गर्जना से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।
हाथियों के इस उत्पात से किसानों की धान की फसल को भी गंभीर नुकसान हुआ। खम्हार गांव के पूर्व सरपंच चिंतामणि राठिया ने बताया कि उन्होंने मिसाईल के लिए खेत में धान इकट्ठा कर रखा था, जिसे हाथियों ने रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। कई अन्य किसानों ने भी खेतों में नुकसान की जानकारी दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आंकलन शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार यह झुंड पिछले दो दिनों से कपू रेंज के जंगलों में घूम रहा था और भोजन की तलाश में गांव की ओर बढ़ आया। वन विभाग ने ग्रामीणों को रात में सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधि दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।
लगातार बढ़ती हाथियों की आवाजाही से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से जान-माल का नुकसान न हो।
Tags :
Raigarh, Elephant Attack, Chhattisgarh, Forest Department, Crop Damage, Village News, Human-Wildlife Conflict
विज्ञापन
विज्ञापन