IND-SA मैच में छात्रों को मिले प्राथमिकता : NSUI ने फ्री टिकट की मांग दोहराई, चेताया– नहीं मानी मांग तो होगा विरोध
Jagbhan Yadav
Tue, Nov 25, 2025
छत्तीसगढ़ भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच को लेकर छत्तीसगढ़ में उत्साह बढ़ रहा है, लेकिन इसी बीच छात्रों के लिए टिकट उपलब्धता का मुद्दा गर्मा गया है। NSUI ने राज्य सरकार और खेल विभाग से यह मांग दोहराई है कि आगामी IND-SA अंतरराष्ट्रीय मैच में स्थानीय छात्रों के लिए कम से कम 15% सीटें फ्री में आरक्षित की जाएं।
3 दिसंबर को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले के लिए लाखों युवा उत्सुक हैं। लेकिन NSUI का कहना है कि 65,000 दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम में छात्रों के लिए सिर्फ 1500 टिकट ही जारी किए गए हैं, वह भी 800 रुपये की कीमत पर। संगठन का तर्क है कि यह संख्या बेहद कम है और टिकटों की कीमत अधिकांश छात्रों की पहुंच से बाहर है।
प्रदेश उपाध्यक्ष अमित शर्मा के नेतृत्व में NSUI के प्रतिनिधिमंडल ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर रविकांत अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि 50 लाख से अधिक छात्र प्रदेश में पढ़ाई कर रहे हैं और बड़ी संख्या में युवा पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैच को लाइव देखने का मौका चाहते हैं। छात्रों को प्रेरित करने और खेल भावना विकसित करने के लिए सरकार को कम से कम 10,000 फ्री टिकट उपलब्ध कराने चाहिए।
संगठन ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ ने कई प्रतिभाशाली क्रिकेटर देश को दिए हैं—जैसे IPL स्टार शशांक सिंह, पूर्व U-19 खिलाड़ी अमनदीप खरे और अन्य घरेलू खिलाड़ी। छात्र जब इन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर खेलते देखेंगे, तो उनमें आगे बढ़ने की प्रेरणा और अधिक मजबूत होगी।
NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे में उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया, तो वे स्टेडियम का घेराव करेंगे और बड़े स्तर पर विरोध करेंगे। साथ ही आगामी दिनों में वे CSCS के अध्यक्ष से भी मुलाकात करेंगे और छात्रों को प्राथमिकता देने की बात रखेंगे।
Tags :
#NSUI #StudentRights #INDvsSA #RaipurMatch #ChhattisgarhNews #FreeTicketsDemand #YouthVoice #CricketMatch #NSUIProtest #StudentWelfare
विज्ञापन
विज्ञापन