NEET-PG काउंसलिंग पर अस्थायी रोक: : कोटा विवाद के बीच अब सबकी निगाहें 16 दिसंबर के फैसले पर
Jagbhan Yadav
Wed, Dec 10, 2025
छत्तीसगढ़ में NEET-PG 2025 काउंसलिंग अचानक रोके जाने से मेडिकल अभ्यर्थियों में गहरी चिंता और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय द्वारा बिना किसी स्पष्ट कारण के PG मेडिकल (MD/MS) काउंसलिंग को स्थगित कर देने का निर्णय राज्यभर के छात्रों के लिए अप्रत्याशित साबित हुआ। 10 दिसंबर को पहला सीट अलॉटमेंट जारी होना था, लेकिन विभाग के नए आदेश में यह साफ कहा गया कि अब पूर्व निर्धारित तिथि मान्य नहीं होगी और नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
काउंसलिंग रुकने के पीछे बड़ा कारण हाल ही में लागू किए गए 50% राज्य कोटा और 50% अखिल भारतीय कोटा (AIQ) का विवाद माना जा रहा है। नए कोटा ढाँचे के बाद पूरे प्रदेश में व्यापक विरोध शुरू हो गया था। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पहले से ही 50% AIQ और 50% संस्थागत प्रेफरेंस लागू था, जिसके कम न करने की सलाह कोर्ट ने भी दी थी। साथ ही कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि नीतियों के निर्धारण में निजी मेडिकल कॉलेजों के हितों का ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
आज हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए फैसला 16 दिसंबर तक सुरक्षित रखा है। इससे अब काउंसलिंग की अंतिम स्थिति पूरी तरह हाईकोर्ट के निर्णय पर निर्भर हो गई है। इसी कारण विभाग ने फिलहाल सभी प्रक्रियाएँ रोक दी हैं, जिससे हजारों अभ्यर्थी परिणाम की प्रतीक्षा में असमंजस की स्थिति में हैं।
विभाग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी भ्रम से बचने के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइटों—
https://cgdme.admissions.nic.in/
का ही अनुसरण करें और नियमित अंतराल पर अपडेट चेक करते रहें।
काउंसलिंग पर लगी रोक और कोटा विवाद के कारण यह मामला अब राज्य के पूरे मेडिकल समुदाय में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है। सभी की निगाहें 16 दिसंबर को आने वाले हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हैं, जो आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया की दिशा और समय-सीमा निर्धारित करेगा।
Tags :
NEET PG 2025 Chhattisgarh Medical Education Counseling Postponed High Court Hearing Quota Controversy AIQ vs State Quota Medical Admission News
विज्ञापन
विज्ञापन