MP शीतकालीन सत्र के पहले दिन बच्चों की मौत का मुद्दा छाया, : विपक्ष ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया
Jagbhan Yadav
Mon, Dec 1, 2025
मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत का मामला छाया रहा। छिंदवाड़ा में संदिग्ध कफ सिरप पीने के बाद कई बच्चों की मौत के मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।
सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह केवल राजनीतिक बहस का मुद्दा नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा मामला है। उन्होंने बच्चों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सरकार से कठोर कार्रवाई और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
इसी दौरान इंदौर एमवाय अस्पताल में बच्चों को चूहों के काटने की घटना पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। विपक्ष ने कहा कि यह स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर विफलता है और सरकार को इसका उत्तर देना चाहिए।
कांग्रेस ने आठ BLO की मौत का मुद्दा भी उठाया, जिस पर मंत्री विश्वास सारंग ने आपत्ति जताई और कहा कि शोक प्रस्ताव का समय केवल श्रद्धांजलि तक सीमित होना चाहिए।
सदन का माहौल उस समय और गरमा गया जब भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी अपनी ही सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारी किसानों को भावांतर की सही जानकारी देने में विफल हो रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सभी सदस्यों को शोक प्रस्ताव की संवेदनशीलता का सम्मान करने की सलाह दी और कहा कि आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए।
शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें कुल चार दिन सदन की बैठकें होंगी। 3 दिसंबर को भोपाल गैस त्रासदी की बरसी के कारण स्थानीय अवकाश रहेगा।
Tags :
#MPWinterSession #MPAssembly #CoughSyrupRow #ChildDeathIssue #OppositionAttack #HealthNegligence #IndoreHospitalCase #MPPolitics #BreakingMPNews
विज्ञापन
विज्ञापन