छत्तीसगढ़ : पत्नी से विवाद के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, 200 फीट की ऊंचाई से देता रहा जान देने की धमकी
Jagbhan Yadav
Sun, Dec 14, 2025
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी से हुए विवाद के बाद एक युवक नशे की हालत में 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई पर पहुंचकर युवक जोर-जोर से चिल्लाने लगा और पत्नी को बुलाने की मांग करते हुए कूदकर जान देने की धमकी देने लगा।
युवक की इस हरकत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और युवक की पत्नी भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सूझबूझ और समझाइश का सहारा लेते हुए युवक को शांत करने की कोशिश की।
करीब एक घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और परिजनों की समझाइश से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। यह घटना रजगामार चौकी क्षेत्र के रावणभाटा गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने युवक को सुरक्षित हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन