इंडिगो संकट पर केंद्र सख्त: : 48 घंटे में सामान लौटाने और कल तक सभी यात्रियों को रिफंड देने के निर्देश
Jagbhan Yadav
Sat, Dec 6, 2025
इंडिगो एयरलाइंस के लगातार बिगड़ते संचालन और देशभर में उड़ानों के रद्द होने की बढ़ती घटनाओं के बीच केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। पिछले चार दिनों से यात्रियों को हो रही परेशानियों को देखते हुए सिविल एविएशन मिनिस्ट्री (MoCA) ने शनिवार को इंडिगो को कड़े निर्देश जारी किए। मंत्रालय ने साफ कहा है कि एयरलाइंस रविवार रात 8 बजे तक सभी पेंडिंग पैसेंजर रिफंड वापस करे, ताकि टिकट रद्द होने से परेशान यात्रियों को राहत मिल सके।
सरकार ने यह भी आदेश दिया है कि जिन यात्रियों का सामान हवाई अड्डों पर फंसा हुआ है, उन्हें 48 घंटों के भीतर उनका लगेज वापस लौटाया जाए। कई एयरपोर्ट्स पर यात्रियों ने शिकायतें दर्ज कराई थीं कि फ्लाइट कैंसल होने के बाद न तो रिफंड मिल रहा है और न ही चार दिनों से उनका सामान लौटाया गया। मुंबई एयरपोर्ट पर सामान न मिलने पर यात्रियों और स्टाफ के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
सरकार ने अन्य एयरलाइंस को भी निर्देशित किया है कि इंडिगो संकट के समय किराया बढ़ाने जैसी कोई अनुचित गतिविधि न करें। मंत्रालय ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी एयरलाइन ने तय निर्देशों का उल्लंघन किया, तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इंडिगो के संचालन में यह संकट लगातार पांचवें दिन भी बना हुआ है। न्यूज़ एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, देश के चार बड़े एयरपोर्ट—दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु—समेत कई शहरों से इंडिगो की 400 से अधिक फ्लाइटें कैंसल की जा चुकी हैं। पिछले चार दिनों में कुल 2,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, जबकि प्रतिदिन करीब 500 फ्लाइटें लेट चल रही हैं। एयरलाइंस का कहना है कि फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य स्थिति में लौटने में 15 दिसंबर तक का समय लग सकता है।
सरकार के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि यात्रियों को रिफंड और सामान की वापसी जल्द मिलेगी तथा आने वाले दिनों में उड़ान सेवाएं धीरे-धीरे पटरी पर लौटेंगी।
Tags :
Indigo, Aviation, Government Action, Flight Cancel, MoCA, Airline News
विज्ञापन
विज्ञापन