छत्तीसगढ़ : तिरदेव घाट से मिली साइकिल–कपड़े, पर बच्चे अब तक बेपता; पूरी रात चला रेस्क्यू ऑपरेशन
Jagbhan Yadav
Wed, Dec 10, 2025
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बुधवार का दिन एक दर्दनाक घटना का गवाह बना, जब हनुमान धारा तिरदेव घाट के पास हसदेव नदी में तीन स्कूली बच्चे लापता हो गए। स्कूल में छुट्टी होने के कारण तीनों दोस्त सुबह करीब 10 बजे साइकिल से नदी किनारे घूमने और नहाने गए थे। परिवारवालों को जब शाम तक बच्चे घर नहीं लौटे तो उनकी चिंता बढ़ गई और खोजबीन शुरू की गई।
तलाशी के दौरान तिरदेव घाट के पास तीनों बच्चों की साइकिल, कपड़े और चप्पलें मिलीं, जिससे आशंका गहराती चली गई कि बच्चे नदी में नहाने उतरे होंगे और तेज बहाव में फंस गए होंगे। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद SDERF और पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
SDM पवन कोसमा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। नदी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण बच्चों की तलाश में कठिनाई हो रही थी। इसलिए प्रशासन ने एनीकट से पानी के प्रवाह को अस्थायी रूप से रोक दिया ताकि खोज अभियान को गति दी जा सके। अंधेरा होने के बावजूद SDRF टीम टॉर्च और लाइटों की सहायता से पूरी रात तलाश में जुटी रही।
लापता बच्चों की पहचान 11 वर्षीय ऋषि राज (कक्षा 5वीं), 14 वर्षीय यश राठौर (कक्षा 8वीं) और 15 वर्षीय नेल्सन लकड़ा (कक्षा 9वीं) के रूप में हुई है। तीनों मनका पब्लिक स्कूल के छात्र हैं और आपस में घनिष्ठ मित्र थे। घटना ने पूरे क्षेत्र में दुख और चिंता का माहौल बना दिया है।
रेस्क्यू टीम लगातार तलाशी अभियान चला रही है। नदी का बहाव नियंत्रित किया गया है और प्रशासन को उम्मीद है कि खोजबीन के आगे बढ़ने के साथ पूरी स्थिति जल्द स्पष्ट हो सकेगी। परिजन, स्थानीय लोग और प्रशासन पूरी रात से एक ही उम्मीद लिए खड़े हैं कि बच्चों का कोई सुराग मिल सके।
Tags :
#JanjgirChampa #HasdevNadi #RescueOperation #SDRF #MissingChildren #ChhattisgarhNews #BreakingNews
विज्ञापन
विज्ञापन