KG-2 छात्र को पेड़ पर लटकाने पर हाईकोर्ट सख्त, : HC ने कहा— “मासूम बच्चे के साथ ऐसी ज्यादती कैसे? जवाब दें स्कूल शिक्षा सचिव”
Jagbhan Yadav
Thu, Nov 27, 2025
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के नारायणपुर स्थित हंसवानी विद्या मंदिर में 5 साल के KG-2 छात्र के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला अब हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है। घटना उस समय सामने आई जब स्कूल की नर्सरी क्लास की टीचर काजल साहू ने बच्चे का होमवर्क चेक किया और वह अधूरा मिलने पर भड़क गईं।
टीचर ने अनुशासन के नाम पर बच्चे को कक्ष से बाहर निकाल दिया और फिर स्कूल परिसर में मौजूद पेड़ पर रस्सी के सहारे उसे लटका दिया। मासूम बच्चा घंटों तक रस्सी से झूलता रहा। उसी दौरान एक ग्रामीण ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होते ही तेजी से वायरल हो गया। लोगों में गुस्सा फैल गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस मामले ने शिक्षा व्यवस्था और निजी स्कूलों की जिम्मेदारी पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए।
मामला जब मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए हाईकोर्ट तक पहुंचा, तब चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कड़ी टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा—
“ये बहुत गलत है, मजाक बनाकर रखा है। एक मासूम बच्चे के साथ ऐसी ज्यादती कैसे की जा सकती है?”
सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से बताया गया कि जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान ले लिया है। जांच के बाद टीचर काजल साहू को स्कूल से हटा दिया गया है और स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिया गया है।
हाईकोर्ट ने स्कूल शिक्षा सचिव को 9 दिसंबर तक विस्तृत जवाब देने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने यह भी पूछा कि दोषी टीचर के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जा रही है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भविष्य में क्या कदम उठाए जाएंगे
Tags :
Chhattisgarh, Surajpur, HighCourt, SchoolEducationSecretary, ChildSafety, SchoolIncident, HanswaniVidyaMandir, Narayanpur, StudentAbuse
विज्ञापन
विज्ञापन