बिलासपुर: यात्रियों के बीच अफरा-तफरी : पुल से छलांग लगाकर इंजीनियर ने दी जान
Jagbhan Yadav
Sun, Nov 16, 2025
बिलासपुर के पंचपेड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अचानक शिवनाथ नदी पुल से छलांग लगा दी। घटना को देख आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण कुछ ही क्षणों में वह पानी में समा गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक युवक की सांसें थम चुकी थीं।
सूचना मिलते ही पंचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान युवक की जेब से दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए। एक मोबाइल में सिम डालने पर उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम भामनमपुर के निवासी अभिषेक राय के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अभिषेक राय रायपुर स्थित श्री हॉस्पिटल में मैकेनिकल इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। पुलिस को उसकी जेब से रायपुर से लवन तक का बस टिकट भी मिला, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह रायपुर से बस द्वारा लवन आया और यहां से किसी माध्यम से घटना स्थल के पास पहुंचा। उसके बाद उसने शिवनाथ नदी पुल से छलांग लगा दी।
फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से संपर्क कर रही है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के बयान और आगे की पूछताछ के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस ने शव को मरचुरी में सुरक्षित रखवा दिया है तथा पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags :
Bilaspur News Shivnath River Engineer Suicide Pachpedhi Thana Chhattisgarh Crime Breaking News Youth Jumped in River UP Engineer Death
विज्ञापन
विज्ञापन