छत्तीसगढ़ : “दुर्ग में जमीन कारोबारी उग्र हुए, पुलिस का लाठीचार्ज; नई गाइडलाइन से बढ़ी कीमतों पर भड़का गुस्सा”
Jagbhan Yadav
Mon, Dec 1, 2025
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोमवार को जमीन कारोबारियों का विरोध अचानक तेज हो गया। नई कलेक्टर गाइडलाइंस आने के बाद जमीन की कीमतें 5 से 9 गुना तक बढ़ गई हैं, जिससे कारोबारी वर्ग में भारी असंतोष है। पिछले पांच दिनों से कई जिलों में प्रदर्शन चल रहा था, लेकिन सोमवार को दुर्ग में स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
सुबह से ही बड़ी संख्या में जमीन व्यापारी कलेक्ट्रेट और रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर जमा हो गए। नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन के कारण माहौल धीरे-धीरे गर्म होता गया। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया, लेकिन भीड़ लगातार बढ़ती चली गई।
दोपहर करीब 1 बजे प्रदर्शनकारी रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ आगे बढ़ती रही। आखिरकार पुलिस ने लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेला। लाठीचार्ज होते ही भीड़ अलग-अलग दिशाओं में भागी, लेकिन थोड़ी देर बाद दोबारा इकट्ठा होकर विरोध करने लगी। पुलिस ने इस दौरान कई जगह दौड़ा-दौड़ाकर प्रदर्शनकारियों को काबू करने की कोशिश की और कुछ व्यक्तियों को हिरासत में भी लिया।
लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारी घायल भी हुए। दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी मौके पर पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए और काला झंडा दिखाते हुए विरोध दर्ज कराया। कुछ कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन का पुतला भी जलाया।
जमीन कारोबारी खुशी पर दिखा गुस्सा स्पष्ट था। उनका कहना है कि जमीन ही उनकी रोज़ी-रोटी का एकमात्र साधन है। कई व्यापारी बुजुर्ग हैं और इस उम्र में न तो कोई नया काम कर सकते हैं और न ही नई नौकरी मिल सकती है। ऐसे में अचानक बढ़ी दरों ने उनकी आजीविका पर बड़ा असर डाला है।
Tags :
#DurgProtest #ZameenVyapari #Lathicharge #CollectorGuideline #ChhattisgarhNews #ProtestUpdate #DurgCity #LandPriceHike #PoliceAction #BreakingNews
विज्ञापन
विज्ञापन