छत्तीसगढ़ : दुर्ग में काली माता मंदिर की दान पेटी टूटी, रातों-रात लाखों की नकदी साफ
Jagbhan Yadav
Mon, Dec 15, 2025
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित प्रसिद्ध काली माता मंदिर में चोरी की एक गंभीर घटना सामने आई है। सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू भवन रोड पर स्थित इस मंदिर की दान पेटी को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए उसमें रखी लाखों रुपये की नकदी चोरी कर ली। खास बात यह है कि यह दान पेटी पिछले लगभग छह वर्षों से बंद थी और हाल ही में इसे खोलने की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना का खुलासा सोमवार सुबह उस समय हुआ, जब पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर का ताला खोलते ही उन्होंने देखा कि दान पेटी टूटी हुई है और उसमें रखी नकदी गायब है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि चोरों ने मुख्य रूप से नोटों को निशाना बनाया, जबकि अधिकांश सिक्के वहीं छोड़ दिए गए। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ सिक्के भी गायब हो सकते हैं।
मंदिर समिति के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:30 बजे पूजा-अर्चना के बाद मंदिर बंद कर दिया गया था। रात के समय मंदिर परिसर पूरी तरह सुनसान रहता है, इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मंदिर में घुसकर दान पेटी को तोड़ा। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक दान पेटी में डेढ़ से दो लाख रुपये तक की राशि हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। घटनास्थल से दान पेटी के पास पड़ा एक छेनी (नुकीला औजार) भी मिला है, जिसे चोरों द्वारा इस्तेमाल किया गया माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र के स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की चोरी न केवल आस्था को ठेस पहुंचाती है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। मंदिर समिति और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन