देवलाल ठाकुर का आरोप : कांग्रेस ने खुद अपने ही मुख्यमंत्री को नकली आदिवासी बताया
Jagbhan Yadav
Sun, Nov 16, 2025
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आदिवासी समाज को लेकर कांग्रेस के दोहरे रवैये की आलोचना करते हुए दावा किया कि कांग्रेस ने कभी भी आदिवासियों को वास्तविक सम्मान नहीं दिया, बल्कि केवल उन्हें राजनीतिक उपकरण के रूप में इस्तेमाल किया।
देवलाल ठाकुर ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में पहली बार भाजपा ने असली आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया है, जिससे आदिवासी समाज में एक नई चेतना का संचार हुआ है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा भ्रम की स्थिति में रही है—वह यह तक तय नहीं कर पाई कि उसका असली आदिवासी मुख्यमंत्री कौन था।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि साल 2000 में जब छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था, तब कांग्रेस ने एक व्यक्ति को आदिवासी बताकर मुख्यमंत्री बनाया। लेकिन 2018 में जब फिर से कांग्रेस की सरकार बनी, तो खुद तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उस समय के मुख्यमंत्री को 'नकली आदिवासी' साबित कर दिया। दस्तावेज़ पेश कर यह कहा गया कि जो मुख्यमंत्री 2000 में बने थे, वह आदिवासी नहीं थे।
देवलाल ने इसे कांग्रेस की नीतिगत विफलता बताया और कहा कि यह वही पार्टी है जो पहले किसी को आदिवासी कहकर सत्ता दिलाती है और बाद में खुद ही उसे नकार देती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस ने अपने ही मुख्यमंत्री को नकली बताया, और अपने ही नेता को असली कहा।”
इसके अलावा, देवलाल ठाकुर ने यह भी कहा कि अब आदिवासी समाज जागरूक हो चुका है और अब वह धर्म परिवर्तन नहीं चाहता। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार जल्द ही धर्मांतरण के विरुद्ध कड़ा कानून लाने जा रही है। शीतकालीन सत्र में इसकी घोषणा भी हो चुकी है। उन्होंने इसे आदिवासी संस्कृति, परंपरा और धर्म की रक्षा के लिए आवश्यक कदम बताया।
2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ चुके देवलाल ठाकुर अब भाजपा का प्रमुख चेहरा बनकर लगातार कांग्रेस पर हमलावर हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस से अलग होने के बाद उन्होंने 2023 में भाजपा की सदस्यता ली और अब वे पूरी ताकत से पार्टी के पक्ष में आदिवासी समाज के बीच काम कर रहे हैं।
Tags :
Dev Lal Thakur BJP Congress Tribal Politics Chhattisgarh Politics Fake Tribal CM Controversy Political Statement Adivasi Community Press Conference State News
विज्ञापन
विज्ञापन