Weather Update : छत्तीसगढ़ में शीतलहर का अलर्ट, कई जिलों में पारा लुढ़का; रायपुर में अलाव की व्यवस्था
रायपुर - छत्तीसगढ़ में ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग के जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। वहीं 48 घंटे बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड से हल्की राहत मिल सकती है।
राज्य के कई हिस्सों में दिसंबर की शुरुआत से ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस, रायपुर में 12 से 13 डिग्री और दुर्ग में 9 से 11 डिग्री के बीच दर्ज हुआ है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में भी ठंड लगातार बढ़ रही है। पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि मैनपाट में रात का पारा 4 डिग्री से नीचे चला गया है और यहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ बनने लगी हैं।
पिछले 24 घंटे में राज्य का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
रायपुर नगर निगम ने अलाव की व्यवस्था की
रायपुर में शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए नगर निगम ने आम लोगों को राहत देने के लिए कई स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कराई है। निगम ने 12 से अधिक जगहों पर रातभर अलाव जलवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बेघर, राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को ठंड से तत्काल राहत मिल सके।
मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप के निर्देश पर सभी जोन कमिश्नर और जोन हेल्थ अधिकारी रात में फील्ड में रहकर अलाव की व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन