बिलासपुर में कुत्तों के बढ़ते हमलों पर कड़ा एक्शन : 6000 पालतू कुत्तों का टीकाकरण, 21 हजार आवारा कुत्तों की नसबंदी अभियान शुरू
Jagbhan Yadav
Wed, Dec 3, 2025
बिलासपुर जिले में हाल के दिनों में कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं, जिससे लोग चिंतित थे। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक हुई, जिसमें सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि शहर के 6000 पालतू कुत्तों का अनिवार्य रूप से एंटी-रेबीज टीकाकरण किया जाएगा। इसके साथ ही 21 हजार आवारा कुत्तों की नसबंदी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 15 दिसंबर से शुरू होगा और पशु चिकित्सा विभाग, नगर निगम व जिला पंचायत मिलकर इसे संचालित करेंगे।
कलेक्टर ने सभी डॉग ब्रिडर्स और पेट शॉप संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने प्रतिष्ठानों का पंजीयन अनिवार्य रूप से कराएं। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार पेट शॉप और डॉग ब्रीडिंग केंद्रों के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। इसी के तहत निर्धारित आवेदन पत्र 15 दिसंबर तक जमा करने को कहा गया है।
बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि नगर निगम की टीमें वार्डों में जाकर पालतू कुत्तों का रजिस्ट्रेशन और टीकाकरण करेंगी। नसबंदी अभियान के लिए पशु चिकित्सकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। साथ ही हाईकोर्ट के निर्देशानुसार घूमंतू पशुओं के प्रबंधन, सांड़ों के स्थायी बंध्याकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में चरागाह व्यवस्था को सुधारने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने पराली (पेरा) निस्तारण पर भी जोर देते हुए पंचायतों को श्रमिकों की व्यवस्था और बेलर मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक में निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, पशुपालन विभाग के अधिकारी, गौशाला पदाधिकारी, डॉग ब्रिडर्स व पेट शॉप प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह विशाल अभियान जिले में कुत्तों से जुड़े हादसों को कम करने, वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा है।
Tags :
#Bilaspur #Chhattisgarh #DogAttack #VaccinationDrive #Sterilization #PetRegistration #AnimalWelfare #DistrictAdministration #MunicipalCorporation #PublicSafety
विज्ञापन
विज्ञापन